पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री ने आईटीआई प्रशिक्षुओं का बढ़ाया उत्साह, कहा- डिग्री से ज्यादा हुनर की होगी कद्र
एक दशक में खुलीं पांच हजार नई आईटीआई, छात्राओं की संख्या ढाई गुना से अधिक बढ़ी, 2027 में ग्रेटर नोएडा में होगी वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता
Lucknow । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में देशभर से आए आईटीआई प्रशिक्षुओं को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि आपके सामने पूरा आसमान है। बड़े सपने देखिए, अपने हुनर को निखारिए और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा दीजिए। कभी यह महसूस मत कीजिए कि आप अकेले हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि हुनरमंद युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ऊर्जा और राष्ट्र की असली पूंजी हैं। दुनिया को केवल डिग्रीधारी नहीं, बल्कि काम में दक्ष युवाओं की जरूरत है। आने वाले वर्षों में प्रमाणपत्रों से ज्यादा महत्व कौशल का होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आईआईटी और आईटीआई दोनों ही देश की अमानत, सामर्थ्य और भविष्य हैं। आईटीआई में प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थियों को भी उतना ही सम्मान मिलना चाहिए, जितना आईआईटी के विद्यार्थियों को मिलता है। समाज में आईटीआई के छात्रों को कमतर समझने की मानसिकता बदलनी होगी। बड़ी-बड़ी कंपनियों को संचालित करने में तकनीकी कामगारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। केवल कागजी डिग्री से काम नहीं चलता, बल्कि मशीनों और तकनीक को समझने वाले कुशल कर्मचारियों की जरूरत होती है।
भारतीय परंपरा में शामिल है कौशल का सम्मान

मोदी ने कहा कि भारत में कौशल और कारीगरी की समृद्ध परंपरा रही है। लखनऊ की चिकनकारी, बनारस का रेशम, कश्मीर की पश्मीना, मलमल, कलमकारी और धातु शिल्प भारतीय हुनर की पहचान हैं। इन कलाओं ने दुनिया में भारत को विशेष पहचान दिलाई है। हालांकि लंबे समय तक कौशल आधारित कार्यों को अपेक्षित सम्मान नहीं मिला। अब समय बदल रहा है और दुनिया भारतीय कारीगरों तथा तकनीकी कामगारों की प्रतिभा को पहचान रही है। दक्षिण कोरिया, दुबई, अबूधाबी, कतर और कुवैत जैसे देशों में भारतीय कामगारों के योगदान की सराहना हो रही है। कई देश भारत से प्रशिक्षित मानव संसाधन की मांग कर रहे हैं।
एआई के दौर में भी सुरक्षित रहेगा रोजगार
प्रधानमंत्री ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में युवाओं को रोजगार छिनने की चिंता करने के बजाय अपना कौशल मजबूत करना चाहिए। जिसके पास हुनर है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता। कोविड काल में पूरी दुनिया ने कुशल कामगारों की अहमियत समझी थी। मोबाइल फोन निर्माण से लेकर आधुनिक उद्योगों तक भारत की बढ़ती क्षमता में युवाओं के हुनर की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पीएनजी कनेक्शन का उदाहरण देते हुए बताया कि सरकार की ओर से प्रतिदिन एक लाख कनेक्शन देने का लक्ष्य तय किया गया, लेकिन प्लंबरों की कमी के कारण काम प्रभावित हुआ। इससे पता चलता है कि देश में प्रशिक्षित कामगारों की कितनी बड़ी जरूरत है।
पांच हजार नई आईटीआई, 30 से अधिक नए ट्रेड
प्रधानमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद एक दशक में देश में करीब पांच हजार नई आईटीआई स्थापित की गई हैं। प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या पांच लाख से अधिक बढ़ी है, जबकि छात्राओं की संख्या ढाई गुना से ज्यादा हुई है। प्रशिक्षण की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ 30 से अधिक नए जमाने के ट्रेड शुरू किए गए हैं। इनमें एआई असिस्टेंट, साइबर सुरक्षा सहायक, ड्रोन टेक्नीशियन, ग्रीन हाइड्रोजन टेक्नीशियन, औद्योगिक रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक वाहन और सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। सरकार का प्रयास है कि आईटीआई का पाठ्यक्रम, मशीनें और प्रशिक्षकों का ज्ञान नई तकनीक के अनुरूप हो। पीएम सेतु के तहत 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश से प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
ग्रेटर नोएडा में जुटेंगे एशियाई देशों के युवा
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2027 में भारत वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। इसका आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा। इसमें एशिया के विभिन्न देशों के युवा अपनी कौशल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया की कौशल राजधानी बनाने में आईटीआई प्रशिक्षुओं की अहम भूमिका होगी।
यूपी में औद्योगिक विस्तार से बढ़ेंगे अवसर
मोदी ने उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में मोबाइल फोन, सेमीकंडक्टर और रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में तेजी से विस्तार हो रहा है। ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भी उत्तर प्रदेश में हो रहा है। एक्सप्रेसवे, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों और औद्योगिक परियोजनाओं से युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुल रहे हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में ऐसा वातावरण बना है, जहां बेटियां देर रात भी काम से सुरक्षित घर लौट रही हैं। सुरक्षा का एहसास और समृद्धि का विश्वास ही विकसित भारत का आधार बनेगा।
विभिन्न ट्रेडों के अखिल भारतीय टॉपर्स सम्मानित
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने विभिन्न श्रेणियों के अखिल भारतीय टॉपर्स को मंच पर पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड में काव्या लेका आरएन, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट में संधना लक्ष्मी आर. और डेटा एंट्री ऑपरेटर में ताबिश शौकत को सम्मान मिला। दिव्यांग श्रेणी में अमित बैरागी और सूरज साहू पुरस्कृत हुए। महिला एवं कठिन ट्रेड श्रेणी में सुप्रीति मोहपात्रा और संगीता टी. को सम्मानित किया गया। वहीं, सीआईटीएस श्रेणी में एंजेल मैरी एंटो, शहबाज खान और संध्या देवी को पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री ने युवाओं से अपने हुनर को समाज और राष्ट्र की शक्ति बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा आगे बढ़ेंगे तो परिवार गौरवान्वित होगा और देश भी प्रगति करेगा।

