मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंFriday, 20 November 2026
विज्ञापन
होम›उत्तर प्रदेश›Lucknow : शिक्षकों की कमी दूर करने को स्कूलों में पढ़ाने जाएंगे बीटीसी-डीएलएड प्रशिक्षु  
उत्तर प्रदेश

Lucknow : शिक्षकों की कमी दूर करने को स्कूलों में पढ़ाने जाएंगे बीटीसी-डीएलएड प्रशिक्षु  

Akash Chaudharyअपडेट: November 20, 2026

योजनाओं में फिसड्डी 14 जिलों को दी गई चेतावनी

निपुण मूल्यांकन के लिए दिसंबर से दो चरणों में चलेगा अभियान

पुस्तकालयों में नियमित आएंगे समाचार पत्र, शिक्षकों की पदोन्नति समय पर करने के निर्देश

Lucknow। बीटीसी, बीएड व डीएलएड कॉलेजों के प्रशिक्षुओं को रोस्टर के आधार पर स्कूलों में पढ़ाने के लिए भेजा जाएगा। खासकर परिषदीय प्राथमिक उच्च प्राथमिक स्कूलों में जहां पर शिक्षकों की ड्यूटी निर्वाचन व जनगणना के कार्यों में लगाई गई है। शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए यह प्रशिक्षु इंटर्नशिप के तहत विद्यालयों में पढ़ाएंगे और जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगीअपर मुख्य सचिव, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने गुरुवार को योजना भवन के सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की 26 बिंदुओं पर समीक्षा की। निर्देश दिए कि चाहे वह राजकीय व गैर सरकारी स्कूल हों दोनों में इन प्रशिक्षुओं को रोस्टर के आधार पर पढ़ाने के लिए भेजा जाए।

 

समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न योजनाओं व लक्ष्यों के आधार पर 14 जिलों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई। फिसड्डी मिले जिलों में शामली, संभल, जौनपुर, कन्नौज, ललितपुर, चंदौली, मिर्जापुर, बदायूं, बलिया, औरैया, रायबरेली, बरेली, मुजफ्फरनगर व महाराजगंज शामिल हैं। अब अपर मुख्य सचिव इन जिलों में सुधार के लिए अलग से बेसिक शिक्षा अधिकारियों के साथ अलग से बैठक करेंगे।

निपुण मूल्यांकन और स्कूल सुधार की तैयारी

पार्थ सारथी सेन शर्मा ने कहा कि निपुण मूल्यांकन की प्रक्रिया दिसंबर से दो चरणों में शुरू होगी। अभी से उसकी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। निपुण प्लस एप पर मूल्यांकन किया जाए। डीएलएड के प्रशिक्षुओं की मदद से यह मूल्यांकन किया जाना है। इस वर्ष से प्रत्येक एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) अपने विकास खंड के एक स्कूल का निपुण मूल्यांकन करेगा।

शिक्षक संकुल की बैठकें अलग-अलग स्कूलों में आयोजित हों और इसमें बीएसए व एडी बेसिक को भी प्रतिभाग करना चाहिए। उद्गम पोर्टल पर स्कूलों में हो रहे नव प्रयोगों को अपलोड किया जाए और इसे प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए शिक्षकों को प्रोत्साहित किया जाए।सीएम कंपोजिट स्कूलों की भौतिक प्रगति पर नजर रखने, केजीबीवी में सामग्री के क्रय, स्टॉफ का चयन व छात्राओं के नामांकन पर जोर दिया जाए। आईसीटी लैब के उपयोग, बाल वाटिका के प्रभावी संचालन, पीएम पोषण के तहत हर शुक्रवार को स्कूलों में हलवा व उपमा वितरित किया जाए।

छात्रों में पठन संस्कृति को बढ़ावा

समाचार पत्रों को नियमित पढ़ने पर दें जोर

अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि स्कूलों के पुस्तकालयों में समाचार पत्र नियमित रूप से मंगवाए जाएं। छात्रों को इसे नियमित रूप से पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाए। जिससे स्कूलों में पठन संस्कृति को बढ़ावा मिल सके। समाचार पत्रों को पढ़ने के बाद छात्रों देश-दुनिया की खबरों पर चर्चा भी की जाए। जिससे उनका ज्ञान बढ़ सके।

प्रोन्नति व चयन वेतनमान समय पर दें

बैठक में अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि शिक्षकों को समय पर चयन वेतनमान व प्रोन्नत वेतनमान दिया जाए। प्रोन्नति के संबंध में जो निर्देश जारी किए गए हैं उनका सख्ती से पालन कराया जाए। समय से शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ दिया जाए।