पूर्वा सिंह का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
Kanpur। विद्या भारती द्वारा आयोजित 37 वीं क्षेत्रीय एथलेटिक्स खेलकूद प्रतियोगिता देवरिया में जुगल देवी सरस्वती विद्या मंदिर, कानपुर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण एवं नौ रजत पदक सहित कुल दस पदक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। यह प्रतियोगिता दिनांक 12 से 16 अक्टूबर तक आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय के पांच खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में विद्यालय की खिलाड़ी पूर्वा सिंह ने 400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक तथा 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ में रजत पदक प्राप्त किए। अनुष्का शर्मा ने 400 मीटर हर्डल रेस, 400 किलाेमीटर क्रॉस कंट्री रेस एवं 400 मीटर दौड़ में रजत पदक एवं 400 मीटर रिले रेस में स्वर्ण हासिल किए। वहीं, सान्वी सिंह ने 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ में रजत पदक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। मन्नत एवं वैष्णवी ने 400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक प्राप्त कर विद्यालय के साथ साथ कानपुर प्रान्त को गौरवान्वित किया।
विद्या भारती की इस क्षेत्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न प्रांतों एवं क्षेत्रों के सरस्वती शिशु मंदिरों तथा विद्या मंदिरों के 500 से अधिक खिलाड़ियों ने अलग अलग आयु वर्ग में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
विद्यालय के लिए विशेष उपलब्धि यह रही कि पूर्वा सिंह का चयन विद्या भारती की राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जिसका आयोजन 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक गाजियाबाद में किया जाएगा।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर कानपुर प्रान्त के संगठन मंत्री रजनीश पाठक एवम् प्रदेश निरीक्षक अयोध्या प्रसाद मिश्र के साथ विद्यालय प्रबंधन समिति, प्राचार्या डॉ. गीता सिंह एवं विजयश्री ने सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान कीं। साथ ही, टीम प्रशिक्षक सुधीर दीक्षित एवं टीम मैनेजर आराधना शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके योगदान की प्रशंसा की।


