Kanpur । नरवल तहसील के सरसौल विकासखंड में गंगा किनारे स्थित ड्योढ़ी घाट के प्राचीन मंदिर परिसर में विशाल दंगल का आयोजन किया गया। इसमें देश के विभिन्न अखाड़ों से पहुंचे नामी पहलवानों ने दमखम दिखाया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में दर्शक उमड़े और देर शाम तक अखाड़े में तालियों की गूंज बनी रही।
दंगल की तीन प्रमुख कुश्तियों में अयोध्या के नागेन्द्र दास ने हरियाणा के शमशेर को हराकर बाजी मारी। दूसरी बड़ी कुश्ती में दिल्ली के राजवीर ने प्रयागराज के कमल को शिकस्त दी, जबकि तीसरे महत्वपूर्ण मुकाबले में कुड़नी के शिव सिंह ने बलिया के बल्ली को पराजित किया।
इसके अलावा कानपुर से संजू पहलवान, हरिद्वार से राहुल और श्रीराम सजीवन समेत विभिन्न अखाड़ों के पहलवानों ने कुश्ती के दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम में संरक्षक व भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनय मिश्रा, ग्राम प्रधान सीतेश मिश्र, पंकज मिश्रा, अजय प्रताप सिंह, सुमित पाण्डेय, विजय द्विवेदी, करुणा शंकर, कमल सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


