बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में मिशन शक्ति के तहत करियर गाइडेंस कार्यक्रम, प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर विकल्पों पर मिला मार्गदर्शन
Kanpur । प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए मेहनत के साथ सही रणनीति, समय प्रबंधन और एकाग्रता जरूरी है। लक्ष्य तय कर नियमित पढ़ाई और निरंतर अभ्यास से सफलता की राह आसान हो जाती है। गुरुवार को बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में मिशन शक्ति के तहत आयोजित करियर गाइडेंस कार्यक्रम में आईएएस-आईपीएस अधिकारियों ने छात्राओं को सफलता के ये मंत्र दिए।

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, आईएएस अधिकारी संदीप, आईपीएस अधिकारी शिवा सिंह और अंजना दहिया समेत अन्य अधिकारियों ने छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उपयोगी पुस्तकों के चयन, विषयों की प्राथमिकता तय करने और समयबद्ध अध्ययन के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि बड़े लक्ष्य को छोटे-छोटे चरणों में बांटकर तैयारी करने से प्रगति का आकलन आसान होता है।

परीक्षा के दबाव और असफलता के डर से निपटने के उपाय भी बताए गए। छात्राओं को सकारात्मक सोच रखने, अपनी क्षमताओं पर भरोसा करने और नियमित पुनरावृत्ति के साथ समसामयिक घटनाओं की जानकारी रखने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में कौशल विकास मिशन के अवसरों की जानकारी दी गई। अरुण ने मुख्यमंत्री युवा योजना के माध्यम से स्वरोजगार और उद्यमिता की संभावनाएं बताईं। करियर काउंसलर गरिमा ने छात्राओं को अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप करियर चुनने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत सफलता पाने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन किरन बाला ने किया।


