Thursday, October 15, 2026
HomeकानपुरKanpur : 17 और 24 अक्टूबर को हर मतदान केंद्र पर लगेंगे...

Kanpur : 17 और 24 अक्टूबर को हर मतदान केंद्र पर लगेंगे विशेष कैंप

सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और संशोधन के लिए कर सकेंगे आवेदन

Kanpur।  मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से छूट गए लोगों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के लिए 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के साथ ही लोग अपने विवरण में संशोधन और निवास स्थान परिवर्तन के लिए भी आवेदन कर सकेंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। यहां मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी और आवेदन भरने में मदद की जाएगी। नागरिक कैंप में पहुंचकर अपने और परिवार के पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की पुष्टि भी कर सकेंगे।

अलग-अलग काम के लिए अलग फॉर्म

नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम-पते समेत अन्य विवरण में संशोधन या निवास स्थान बदलने के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। वहीं, मृत्यु या अन्य निर्धारित कारणों से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 का इस्तेमाल किया जाएगा। अधिकारियों ने मतदाता सूची से संबंधित आवेदन में सही जानकारी देने की अपील की है। गलत घोषणा करने पर कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है।

ये दस्तावेज साथ लाएं

कैंप में आवेदन करने वाले नागरिक अद्यतन फोटो, जन्मतिथि और निवास संबंधी दस्तावेजों की स्वप्रमाणित छायाप्रति लेकर पहुंचें। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) नंबर उपलब्ध हो तो उसे भी साथ रखें।विवेक चतुर्वेदी ने नागरिकों से अपील की कि वे विशेष कैंप का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना तथा परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम दर्ज कराना सुनिश्चित करें।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...