मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंTuesday, 24 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : छह करोड़ की एमडी ड्रग्स के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
कानपुर

Kanpur : छह करोड़ की एमडी ड्रग्स के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

Akash Chaudhary

 

मुंबई से लखनऊ और आगरा तक फैला था नशे का नेटवर्क, अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट से जुड़े तार

 

कानपुर। शहर में नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का खुलासा किया है। फजलगंज पुलिस और सेंट्रल जोन की सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 600 ग्राम प्रतिबंधित मेफेड्रोन (एमडी) बरामद की है। पुलिस के मुताबिक बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब छह करोड़ रुपये है। जांच में इस नेटवर्क के तार मुंबई से लेकर लखनऊ, आगरा, उन्नाव, फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर तक जुड़े होने की बात सामने आई है।

फजलगंज में घेराबंदी कर पकड़े गए तीनों आरोपी

 

पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 24 नवंबर की रात करीब 3:10 बजे पुलिस टीम ने फजलगंज फायर स्टेशन के सामने गोविंदनगर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। इस दौरान तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 200-200 ग्राम एमडी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहजहांपुर निवासी हाजिद अली उर्फ साहिल और फर्रुखाबाद निवासी रेहान कुरैशी व ऋषभ कुमार के रूप में हुई है।

उरई की फैक्ट्री से कानपुर पहुंचती थी खेप

#kanpur

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें जालौन के उरई क्षेत्र में संचालित एक फैक्ट्री से तैयार एमडी मिलती थी। कानपुर के बाबूपुरवा में रहने वाले सिंडिकेट के सदस्यों के माध्यम से इसकी आपूर्ति की जाती थी। इसके बाद अलग-अलग शहरों में इसकी सप्लाई होती थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क कई शहरों में सक्रिय था और इसके जरिए बड़े पैमाने पर नशे का कारोबार किया जा रहा था।

अंतरराष्ट्रीय तस्कर से कनेक्शन के सुराग

 

पुलिस को अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्कर खय्यामुद्दीन उर्फ खय्याम सैयद से जुड़े होने के भी सुराग मिले हैं। जांच में मुंबई, लखनऊ, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, उन्नाव और आगरा में फैले नेटवर्क की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब विदेश में बैठे कथित तस्करों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

 

29 अक्टूबर को पकड़ी गई थी ड्रग्स फैक्ट्री

 

पुलिस जांच में 29 अक्टूबर को जालौन के उरई क्षेत्र में पकड़ी गई ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री का कनेक्शन भी सामने आया है। उस कार्रवाई में महाराष्ट्र निवासी संतोष आदिक उर्फ संतोष गावड़े और हमीरपुर निवासी हेमंत कुशवाहा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसी मामले से मिले इनपुट के आधार पर कानपुर में सक्रिय तस्करों तक पुलिस पहुंची।

 

सप्लाई चेन और फंडिंग की जांच तेज

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर श्रीविपिन टाडा के मुताबिक पुलिस पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन, आर्थिक लेनदेन और अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है। विदेश में बैठे तस्करों के साथ ही सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि शहर में यह नेटवर्क कब से सक्रिय था और इसकी पहुंच किन-किन इलाकों तक है।