यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के प्ले आफ मुकाबले लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होंगे।
Kanpur। कानपुर में हो रही झमाझम वर्षा के कारण पिच के बदलते व्यवहार व अनियंत्रित उछाल के कारण यूपी टी-20 गवर्निंग काउंसिल की ओर से यह निर्णय लिया गया है। चौथे सीजन की शुरुआत इकाना स्टेडियम से हुई थी। जहां पर लीग चरण के 22 मुकाबले खेले गए थे। दूसरे चरण के 12 मुकाबले कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में कराने थे।
जो रुक-रुककर हो रही वर्षा और अभी तक खेले गए मुकाबलों में पिच के उछाल से खिलाड़ियों को चोट से बचाने के लिए लखनऊ शिफ्ट करने की तैयारी है। ग्रीन पार्क स्टेडियम में शाम साढ़े छह बजे गवर्निंग काउंसिल की ओर से पत्रकार वार्ता कर इसकी जानकारी साझा की जाएगी।
ग्रीन पार्क में दूसरे सीजन के पांच मुकाबलों में चार ही खेले गए हैं, जबकि एक मुकाबला वर्षा में धुल चुका है। ऐसे में प्ले आफ मुकाबलों में वर्षा के खतरे को भांपते और पिच पर होने वाले उछाल से खिलाड़ियों को चोट से बचाने के लिए प्ले आफ मुकाबलों में लखनऊ शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक, एक सितंबर को ग्रीन पार्क में दोपहर तीन बजे से मेरठ मैवेरिक्स और काशी रुद्रास तथा शाम सात बजे से कानपुर सुपर स्टार और गोरखपुर लायंस के बीच लीग चरण के अंतिम मुकाबले खेले जाएंगे। दो सितंबर को ग्रीन पार्क से छह टीम और ब्राडकास्ट टीम लखनऊ के लिए रवाना हो जाएगी। जहां पर तीन सितंबर को क्वालीफायर व एलिमिनेटर मुकाबले होंगे। चार सितंबर को दूसरा क्वालीफायर मुकाबला होगा। जबकि छह सितंबर को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।


