Kanpur। बर्रा दो स्थित पूर्णचंद्र स्कूल के फुटबाल मैदान में चल रही अंतर स्कूल जूनियर फुटबाल प्रतियोगिता में सोमवार को सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले खेले गए। फाइनल में एलनहाउस पनकी ने सिंहानिया स्कूल को हराकर खिताब अपने नाम किया।
इससे पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में एलन हाउस पनकी और पूर्णचंद्र विद्या निकेतन के बीच कड़ा मुकाबला हुआ।
दोनों टीमों ने गोल के कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। मैच के दूसरे हाफ के अंतिम क्षणों में एलन हाउस पनकी के खिलाड़ी ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 से जीत दिलाते हुए फाइनल में प्रवेश कराया। दूसरे सेमीफाइनल में मदर टेरेसा स्कूल और सिंहानिया स्कूल आमने-सामने रहे। संघर्षपूर्ण मुकाबले में सिंहानिया स्कूल ने 1-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में एलन हाउस पनकी और सिंहानिया स्कूल के बीच कांटे की टक्कर हुई। पहले हाफ में एलन हाउस के राइट आउट वंश चतुर्वेदी ने शानदार व्यक्तिगत प्रयास करते हुए विपक्षी डिफेंस को छकाया और गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
इसके बाद दोनों टीमों ने गोल करने के लिए जोर लगाया, लेकिन कोई और गोल नहीं हो सका। अंत तक यही स्कोर कायम रहा और एलन हाउस पनकी चैंपियन बना। समापन समारोह में मुख्य अतिथि कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट अपोलो हॉस्पिटल, लखनऊ की डॉ. शुभम गुप्ता ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए। प्रतियोगिता के टॉप स्कोरर की ट्रॉफी एलन हाउस के वंश चतुर्वेदी को और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी की ट्रॉफी सिंहानिया स्कूल के प्रखर श्रीवास्तव को दी गई।


