Kanpur । छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ आर्ट्स, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज में शुक्रवार को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर ‘ग्राम मास्टर क्विज प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया, जिसमें सुहासी सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल की निदेशक डॉ. किरण झा के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था के उद्भव, विकास यात्रा तथा वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को ग्रामीण शासन व्यवस्था के महत्व से अवगत कराया। सह-निदेशक डॉ. मानस उपाध्याय ने पंचायती राज व्यवस्था को राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला बताते हुए इसके योगदान पर विस्तार से चर्चा की।
प्रतियोगिता तीन चरणों में संपन्न हुई। पहले और दूसरे चरण में पंचायती राज से संबंधित सामान्य ज्ञान पर लिखित प्रश्नोत्तरी कराई गई, जिसके आधार पर तीन श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया गया। इसके बाद चयनित विद्यार्थियों के बीच पंचायती राज व्यवस्था के महत्व पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने विचार एवं अनुभव साझा किए।
प्रतियोगिता में सुहासी सिंह ने प्रथम, आस्था विश्वकर्मा ने द्वितीय तथा आदर्श कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेता राजनीति शास्त्र विभाग के विद्यार्थी हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुराधा शर्मा, शैली पाण्डेय, ईशा त्रिपाठी तथा डॉ. उद्धव सुरेका द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।


