मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंFriday, 6 November 2026
विज्ञापन
होम›खेल›Kanpur : सीसामऊ सुपरिकंग्स बना केपीएल चैम्पियन
खेल

Kanpur : सीसामऊ सुपरिकंग्स बना केपीएल चैम्पियन

Akash Chaudharyअपडेट: March 12, 2025

खिताबी मुकाबले में मयूर मेरिकल्स कल्याणपुर को 29 रनों से हराकर चमचमाती ट्रॉफी व 11 लाख रुपये का इनाम जीता
कप्तान आदर्श सिंह ने मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज के एक लाख रुपये का पुरस्कार भी अपने नाम किया

Kanpur । कप्तान आदर्श सिंह की नाबाद ताबड़तोड़ शतकीय पारी के दम पर सीसामऊ सुपरकिंग्स ने मंगलवार रात ग्रीनपार्क स्टेडियम की दूधिया रोशनी में खेले गये खिताबी मुकाबले में मयूर मेरिकल्स कल्याणपुर को 29 रनों से हराकर कानपुर प्रीमियर लीग (केपीएल) की चमचमाती ट्राफी व 11 लाख रुपये के इनाम पर कब्जा जमाया।

 

#kanpur

वहीं उपविजेता मयूर मेरिकल्स को पांच लाख रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। फाइनल में सीसामऊ ने आदर्श के नाबाद 110 रनों के दम पर 20 ओवर में एक विकेट पर 216 रनों का विशाल स्कोर बनाने के बाद मयूर मेरिकल्स को निर्धारित ओवरों में आठ विकेट पर 187 रनों पर रोककर खिताब अपने नाम किया। सीसामऊ के कप्तान आदर्श सिंह को मैन ऑफ द मैच और एक लाख इनामी राशी वाली मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्काकर भी अपने नाम किया। इसके अलावा आदर्श ने ऑरेंज कैप पर भी कब्जा जमाया। पर्पल कैप मयूर मेरिकल्स के सौरभ यादव ने जीती। विजेता टीम को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मयूर मेरिकल्स की शुरुआत अच्छी न रही। टीम से अमित पचारा को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी न खेल पाया। ओपनर सुमित सिंह राठौर (0) और प्रियांशु पाण्डेय (21) को अभिनव शर्मा ने पवेलियन भेजा। वहीं साहिल (16) रनआउट हुए। समन्वय दीक्षित (18) और दिव्य प्रकाश (10) को सत्यम पाण्डेय तथा दिव्यांशु यादव (20) और मो. शारिम (5) को अंकुर पवार ने अपना शिकार बनाया।

पचारा ने मैच के आखिरी ओवर तक रोमांच बनाए रखा लेकिन वह 19.5 ओवर में 87 रनों की शानदार पारी खेलकर आउट हुए। उन्हें अभिनव ने आउट किया।

पचारा ने अपनी पारी के लिए 48 गेंदों का सामना किया जिसमें 8 चौके व 5 छक्के शामिल रहे। सौरभ यादव के नाबाद 13 रनों की मदद से मयूर मेरिकल्स 20 ओवर में 8 विकेट 187 रन बना सकी। सीसमाऊ से अभिनव शर्मा ने तीन, अंकुर पवार और सत्यम पाण्डेय 2-2 विकेट लिए।

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीसामऊ सुपरकिंग्स के कप्तान व ऑरेंज कैपधारी आदर्श सिंह ने फाइनल जैसे अहम मुकाबले में नाबाद 110 रनों की शतकीय पारी खेलकर टीम को 20 ओवर में एक विकेट पर 216 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। आदर्श ने सार्थक लोहिया के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 8.3 ओवर में 85 रनों की साझेदारी की। सार्थक 39 रनों पर दिव्यांशु पाण्डेय की गेंद पर विकेटकीपर साहिल के द्वारा स्टपिंग हुए।

टीम का एकमात्र विकेट होने के बावजूद आदर्श यहीं नहीं रुके और उन्होंने अभिषेक पाण्डेय के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए नाबाद 131 रनों की साझेदारी की। आदर्श ने 61 गेंदों में आठ चौके व आठ छक्कों की बदौलत 110 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली। वहीं अभिषेक ने 32 गेंदों में तीन चौके व तीन छक्के लगाकर नाबाद 54 रन बनाए।
—

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *