कल्याणपुर-पनकी रोड पर मॉल-शोरूम के सामने अवैध पार्किंग का आरोप, नगर आयुक्त से कार्रवाई की मांग
Kanpur। कल्याणपुर-पनकी रोड से विजय नगर जाने वाले मार्ग पर मॉल और शोरूम के सामने सर्विस रोड व फुटपाथ पर अवैध पार्किंग किए जाने की शिकायत की गई है। इससे पैदल चलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कल्याणपुर मंडल के उपाध्यक्ष आकाश दीक्षित ने नगर आयुक्त को पत्र भेजकर अतिक्रमण हटाने और संबंधित प्रतिष्ठानों के सामने की स्थिति का निरीक्षण कराने की मांग की है।आकाश दीक्षित ने शिकायत में आरोप लगाया कि विशाल मेगा मार्ट, टाटा क्रोमा, रसनाम मोती महल और तनिष्क डायमंड शोरूम समेत कई प्रतिष्ठानों के सामने सर्विस रोड और फुटपाथ का इस्तेमाल वाहनों की पार्किंग के लिए किया जा रहा है।

इसके चलते पैदल राहगीरों के लिए रास्ता बाधित हो रहा है।उन्होंने कहा कि फुटपाथ पर चलने की जगह नहीं मिलने से लोगों को मुख्य सड़क पर उतरना पड़ता है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं, सर्विस रोड पर वाहनों की पार्किंग से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।

शिकायत में आम लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई पर जोर दिया गया है।
दीक्षित ने नगर आयुक्त से स्थलीय निरीक्षण कराकर सर्विस रोड और फुटपाथ को अतिक्रमण व अवैध पार्किंग से मुक्त कराने का अनुरोध किया है। पत्र की प्रतिलिपि डीसीपी ट्रैफिक, कानपुर पश्चिम और आवास विकास के अधिशासी अभियंता को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।


