फूल तोड़ते समय झाड़ियों से निकले तेंदुए ने किया हमला, वन विभाग अलर्ट पर, इलाके में गश्त तेज
Kanpur । महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेंदुए ने घर के पास फूल तोड़ने गए युवक पर अचानक हमला कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों की सतर्कता और साहस के चलते युवक की जान बच सकी, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हो गया है और अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, युवक सुबह के समय अपने घर के पास स्थित झाड़ियों की ओर फूल तोड़ने गया था। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले से युवक जमीन पर गिर पड़ा और उसने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े।
ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए लाठी-डंडों और शोर-शराबे के जरिए तेंदुए को घेरने की कोशिश की। भारी भीड़ और लगातार शोर से घबराकर तेंदुआ युवक को छोड़कर झाड़ियों की ओर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद महाराजपुर और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीण खासकर बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और घरों से बाहर निकलने में भी हिचकिचा रहे हैं।सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन विभाग ने ग्रामीणों को अकेले खेतों या झाड़ियों की ओर न जाने की सलाह दी है।
साथ ही क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी का पता लगाने के लिए गश्त और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।वन विभाग की टीम लगातार इलाके में निगरानी कर रही है और तेंदुए को पकड़ने या सुरक्षित रेस्क्यू करने की कोशिशें जारी हैं।


