Sunday, June 14, 2026
HomeकानपुरKanpur : टीजीटी परीक्षा को लेकर कानपुर सेंट्रल पर कड़ा सुरक्षा घेरा

Kanpur : टीजीटी परीक्षा को लेकर कानपुर सेंट्रल पर कड़ा सुरक्षा घेरा

जीआरपी का सघन चेकिंग अभियान, संदिग्धों और जेबकतरों पर विशेष नजर

Kanpur । टीजीटी परीक्षा-2022 के मद्देनजर कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौकस नजर आई। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पहुंच रहे परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए जीआरपी ने स्टेशन परिसर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए।

बुधवार को जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में हमराह पुलिस बल ने स्टेशन के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया, पार्सल घर, सभी प्रतीक्षालयों, वाहन पार्किंग, प्लेटफॉर्मों और फुटओवर ब्रिजों पर विशेष निगरानी रखी गई। मेटल डिटेक्टर की मदद से संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई, वहीं संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके सामान की भी तलाशी ली गई।

परीक्षा के चलते स्टेशन पर बढ़ी भीड़ को देखते हुए जीआरपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती। जेबकतरी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जो यात्रियों और अभ्यर्थियों के बीच रहकर निगरानी करते रहे।

प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने बताया कि टीजीटी परीक्षा के कारण दूसरे जिलों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कानपुर पहुंच रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना जीआरपी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पूरा स्टाफ 24 घंटे अलर्ट मोड पर काम कर रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

स्टेशन पर लाउडस्पीकर के माध्यम से यात्रियों और परीक्षार्थियों को जागरूक भी किया गया। उनसे अपील की गई कि किसी भी लावारिस वस्तु को न छुएं और कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों या जीआरपी कंट्रोल रूम को सूचना दें। सुरक्षा अभियान के दौरान जीआरपी और सुरक्षा बल के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...