Wednesday, October 21, 2026
HomeकानपुरKanpur :  टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में कानपुर कनेक्शन, गांव पहुंची पुलिस

Kanpur :  टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में कानपुर कनेक्शन, गांव पहुंची पुलिस

विशाल गौतम से जुड़े तारों की जांच, परिवार ने संपत्ति से किया था बेदखल

Kanpur । बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार सीतापुर निवासी महिला राधा का कानपुर कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा महिला को गिरफ्तार किए जाने के बाद उसके संपर्कों और पारिवारिक संबंधों की पड़ताल शुरू हो गई है। इसी सिलसिले में पुलिस टीम कानपुर के दादारपुर कटहा गांव पहुंची और विशाल गौतम से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।

ग्रामीणों और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, करीब तीन साल पहले विशाल की पहचान इंटरनेट मीडिया के जरिए जौनपुर क्षेत्र की एक महिला से हुई थी। इसके बाद महिला विशाल के पैतृक गांव पहुंची और कुछ समय तक उसके साथ रही। परिजनों का कहना है कि महिला के घर आने के बाद परिवार में कलह शुरू हो गई थी। विवाद इतना बढ़ा कि मामला पुलिस तक पहुंच गया। इसके बाद विशाल महिला को लेकर कहीं चला गया और परिवार से अलग रहने लगा।

परिवार से टूट गया था संपर्क
विशाल के पिता देवनारायण गौतम ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते कानूनी प्रक्रिया अपनाकर विशाल को संपत्ति से बेदखल करने की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद से वह ज्यादातर परिवार से अलग ही रहा और संपर्क भी नहीं के बराबर रहा। हालांकि, कुछ समय पहले जब पिता मुरारी लाल चेस्ट अस्पताल में बीमारी के कारण भर्ती थे, तब विशाल उनसे मिलने अस्पताल आया था।

ग्रामीणों के अनुसार, राधा का अपने पहले पति सुनील से रिश्ता पहले ही टूट चुका था। बताया गया कि शादी के कुछ वर्षों बाद वह अपने एक वर्षीय बेटे को छोड़कर अलग रहने लगी थी। उसके वैवाहिक जीवन और बच्चों से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां उनके संपर्कों, गतिविधियों और संभावित नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। कानपुर में सामने आए इस सुराग के बाद पुलिस विशाल गौतम से जुड़े संबंधों की पड़ताल कर रही है। गांव में पूछताछ कर महिला के संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

हालांकि, महिला और विशाल के संबंधों का फायरिंग की घटना से क्या जुड़ाव है, यह अभी जांच का विषय है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही कानपुर कनेक्शन की वास्तविक भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...