कैंट छोर पर 2500 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, टिकट काउंटर, टॉयलेट और लाइव ट्रेन सूचना जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी
Kanpur । कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन जल्द ही एक बड़ी सुविधा शुरू करने जा रहा है। स्टेशन के कैंट (झाड़ी बाबा पड़ाव) छोर पर करीब 2500 यात्रियों की क्षमता वाला अत्याधुनिक हाईटेक होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा। इसके निर्माण कार्य की शुरुआत जुलाई माह से होने की संभावना है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार त्योहारों और सामान्य दिनों में भी कानपुर सेंट्रल पर यात्रियों का अत्यधिक दबाव रहता है। ऐसे में नया होल्डिंग एरिया यात्रियों को ट्रेन आने से पहले सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से ठहरने की सुविधा देगा। इससे प्लेटफॉर्मों और मुख्य स्टेशन भवन पर भीड़ का दबाव कम होगा तथा आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।
हाल ही में उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर ले-आउट को मंजूरी दी है। उप मुख्य यातायात प्रबंधक आकांशु गोविल ने बताया कि यह सुविधा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर विकसित की जा रही है।
हाईटेक होल्डिंग एरिया में यात्रियों के बैठने के लिए आरामदायक कुर्सियां, सामान्य टिकट काउंटर, आधुनिक शौचालय और ट्रेनों की लाइव जानकारी देने वाली बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इससे यात्रियों को मुख्य भवन तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
परियोजना के लिए वर्तमान पार्किंग क्षेत्र को स्थानांतरित किया जाएगा। इसके अलावा हाईमास्ट लाइट, स्टोर और विद्युत सब-स्टेशन को भी दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा ताकि निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यह सुविधा शुरू होने के बाद स्टेशन के घंटाघर छोर पर भी यात्रियों और वाहनों का दबाव कम होगा। साथ ही यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित यात्रा अनुभव मिल सकेगा।


