मोटर दुर्घटना, पारिवारिक विवाद और चेक बाउंस के मामलों का होगा निस्तारण
Kanpur। लंबित मुकदमों के निस्तारण और लोगों को सुलभ न्याय दिलाने के लिए 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित होगी। इसके प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को दीवानी न्यायालय परिसर से जागरूकता वाहन रवाना किया गया। जनपद न्यायाधीश अनमोल पाल ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया। यह वाहन शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को लोक अदालत के प्रति जागरूक करेगा।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आयोजित लोक अदालत में विभिन्न मामलों का निस्तारण आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर किया जाएगा। इसमें मोटर दुर्घटना दावा, सिविल एवं पारिवारिक विवाद, बैंक ऋण वसूली, चेक बाउंस और राजस्व संबंधी मामले शामिल हैं।
अपर जिला जज एवं लोक अदालत की नोडल अधिकारी रश्मि सिंह ने लोगों से अपील की कि वे अपने लंबित मामलों का निस्तारण लोक अदालत में कराकर इस अवसर का लाभ उठाएं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव अमर प्रताप चौधरी ने बताया कि 12 और 13 नवंबर को प्रचार वाहन निर्धारित रूट के अनुसार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। इस दौरान न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी और पराविधिक स्वयंसेवक मौजूद रहे।

