Chennai। आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ और सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी काव्या मारन और प्रसिद्ध म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर की शादी आजकल सुर्खियों में हैं। इसी के बाद से ही इन दोनो की संपत्ति को लेकर अटकलें जारी हैं। जहां एक ओर काव्या मारन देश के बड़े मीडिया कारोबारियों में शामिल मारन परिवार से आती हैं, वहीं अनिरुद्ध रविचंदर और संगीत की दुनियार में एक बड़ा नाम हैं।
अनिरुद्ध रविचंदर साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय संगीत निर्देशकों में से एक हैं। उन्हें 2012 में फिल्म 3 के कोलावरी गाने से अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली, जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। रजनीकांत, विजय, अजित कुमार, कमल हासन और शाहरुख खान जैसे दिग्गजों के साथ काम कर चुके अनिरुद्ध ने जेलर, लियो, विक्रम और जवान जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में संगीत दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनिरुद्ध की अनुमानित नेटवर्थ 50 करोड़ रुपए से 60 करोड़ रुपए के बीच है।
वह एक फिल्म संगीत के लिए करीब 8 से 10 करोड़ रुपए तक फीस लेते हैं। उनकी आय का जरिया केवल फिल्म संगीत तक सीमित नहीं है, बल्कि लाइव कॉन्सर्ट, प्लेबैक सिंगिंग और अन्य म्यूजिक प्रोजेक्ट्स से भी उनकी अच्छी खासी कमाई होती है।
वहीं दूसरी ओर, काव्या सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी हैं और सन टीवी नेटवर्क में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। इसके साथ ही, वह आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ के तौर पर भी जानी जाती हैं। काव्या की निजी नेटवर्थ को लेकर विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में अलग-अलग अनुमान लगाए गए हैं, जो 409 करोड़ रुपए से लेकर 400-500 करोड़ रुपए के बीच होने का दावा करते हैं।
काव्या की संपत्ति की चर्चा के साथ ही उनके पिता कलानिधि मारन की अपार दौलत का जिक्र भी स्वाभाविक रूप से होता है। कलानिधि मारन देश के दिग्गज मीडिया कारोबारी हैं, जिन्होंने 1993 में सन टीवी नेटवर्क की स्थापना की थी। आज उनका समूह टीवी चैनल, रेडियो, फिल्म प्रोडक्शन और स्पोर्ट्स सहित कई क्षेत्रों में फैला हुआ है। फोर्ब्स की फरवरी 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, कलानिधि मारन की संपत्ति करीब 2.5 अरब डॉलर यानी लगभग 23,725 करोड़ रुपए आंकी गई थी।

