14 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं कैंपस की परीक्षाओं में करेंगे प्रतिभाग ।
– विवि परिसर में संचालित 140 प्रोग्राम के 1276 कोर्स के कराए जाएंगे पेपर
– द्वितीय सेमेस्टर के 6057, चौथे सेमेस्टर के 4510, छटे सेमेस्टर के 2709, आठवें सेमेस्टर के 659, और दसवें सेमेस्टर के 58 छात्र होंगे शामिल ।
Kanpur। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय परिसर की सम सेमेस्टर की परीक्षाएं शनिवार 02 मई से शुरू हो रही हैं। परिसर की परीक्षाएं 20 मई तक चलेंगी। इस परीक्षा में विश्वविद्यालय परिसर में संचालित 140 प्रोग्राम के 1276 पेपर में लगभग 14 हजार से ज्यादा छात्र शामिल होंगे । यह परीक्षा दो पाली में कराई जाएगी । पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी । वही दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी । इस परीक्षा के लिए परिसर के 19 विभागों को परीक्षा केंद्र भी बनाया गया ।

विश्वविद्यालय परिसर के परीक्षा प्रभारी डॉ. बी पी सिंह के अनुसार इस सम सेमेस्टर की परीक्षा में द्वितीय सेमेस्टर के 6057, चौथे सेमेस्टर के 4510, छटे सेमेस्टर के 2709, आठवें सेमेस्टर के 659, और दसवें सेमेस्टर के 58 छात्र -छात्राएं शामिल होगें । विवि परिसर की परीक्षा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए दूसरे विभाग के शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा से छात्रों से अपेक्षा की जाती है कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक साम्रगी न ले कर आएं। पकड़े जाने पर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बार परीक्षाएं छात्रों के स्वविभाग में कराई जा रही है।
*सीसीटीवी के निगरानी में होगी पूरी परीक्षा*
परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों के सभी कक्षाओं में सीसीटीवी कैमरों से सख्त निगरानी भी की जाएगी।
*औचक निरीक्षण के लिये भी टीम गठित*
परिसर में संचालित होने वाली परीक्षा के दौरान दोनों शिफ्टों में डीन एकेडमिक्स, परीक्षा प्रभारी और वरिष्ठ प्रोफेसरों की टीम बनायी गयी हो जो समय-समय पर सभी परीक्षा केंद्रों पर औचक निरीक्षण भी करेगी।
*75 फीसदी उपस्थिति पूरे करने वाले ही छात्र दे सकेंगे परीक्षा*
कैंपस के परीक्षा प्रभारी डॉ. बी पी सिंह ने बताया कि सम सेमेस्टर की परीक्षा में वही छात्र शामिल हो पाएंगे जिनकी कक्षा में 75 फीसदी उपस्थिति पूरी होगी। उन्होंने बताया कि जिन छात्रों की 75 फीसदी उपस्थिति नहीं पूरी थी उनकी रेमेडियल क्लास करवा कर उपस्थिति पूरी करवाई गई है। इसके बाद भी अगर किसी छात्र की 75 फीसदी उपस्थिति पूरी नहीं हुई तो उसे परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा ।
*बिना प्रवेश पत्र पर नहीं मिलेगी एंट्री*
कैंपस परीक्षा प्रभारी के द्वारा जारी किये गए दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों में बिना प्रवेश पत्र पर एंट्री नहीं दी जाएगी। छात्र-छात्राओं को अपने साथ प्रवेश पत्र लेकर आना आवश्यक है। इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि वे परीक्षा केंद्र में मोबाइल, स्मार्ट वॉच, एअर बड, एअर फोन, ब्लूटूथ डिवाइस या किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री लेकर न आएं।


