Kanpur। लखनऊ विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित दो दिवसीय यूपी मास्टर एथलेटिक चैंपियनशिप में कानपुर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संजय सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 31 अक्टूबर से एक नवंबर तक चलने वाली प्रतियोगिता के पहले दिन शनिवार को संजय सिंह ने अपने आयु वर्ग की गोला फेंक (शॉटपुट) स्पर्धा में पहला स्थान हासिल कर कानपुर का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में विनोद कुमार उज्ज्वल ने दूसरा और आरएन पांडेय ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। संजय सिंह की इस उपलब्धि पर कानपुर के खिलाड़ियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी और उनके प्रदर्शन की सराहना की।
प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

