Kanpur । बिठूर पुलिस ने खुद को वन दरोगा बताकर लोगों को झांसा देने और वाहन हड़पने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी की केटीएम बाइक, वन उपनिरीक्षक का फर्जी पहचान पत्र और वर्दी बरामद की गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी कई जिलों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिठूर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर परगही से होरा बांगर मार्ग के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजब सिंह पुत्र सत्यपाल सिंह निवासी अढौली, थाना उझानी, जनपद बदायूं के रूप में हुई है। उसके पास से केटीएम ड्यूक-200 बाइक संख्या यूपी-78 एचएस-3647, वन दरोगा का कूटरचित पहचान पत्र, दो स्टार लगी वर्दी, लोगो, बेल्ट और जूते बरामद हुए।
बिठूर थाना क्षेत्र के बनी गांव निवासी तिलक उर्फ रूद्र सविता ने 22 मई को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी ने खुद को दरोगा बताकर विश्वास जीता और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक छोड़कर उनकी केटीएम बाइक लेकर चला गया।
काफी इंतजार के बाद भी वह वापस नहीं लौटा और बाद में बाइक लौटाने के नाम पर रुपये मांगने लगा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।


