शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा और सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 41 महिलाएं और 21 महिला पुलिसकर्मी सम्मानित
कानपुर। मिशन शक्ति 6.0 के तहत गुरुवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के यूटिलिटी सभागार में महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। शारदीय नवरात्र और महिला किसान दिवस के अवसर पर हुए समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 41 महिलाओं और 21 महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के जरिए सशक्तीकरण को मजबूती देने पर जोर दिया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दी जा रही है। मिशन शक्ति अभियान ने महिलाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना मजबूत की है। शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसरों से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और दूसरी महिलाओं को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि समाज और राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और स्वयं सहायता समूहों जैसी पहलों से महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा मिला है। घाटमपुर विधायक सरोज कुरील ने कहा कि महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन और उद्यमिता समेत हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने महिला सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को विकसित समाज की आधारशिला बताया।
महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह और राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी ने भी महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। समारोह में महिला हेल्पलाइन 181, वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई।
स्वयं सहायता समूह से जुड़ी रोशनी सिंह और कल्याणपुर आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकत्री पुनीता सिंह ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। हाईस्कूल परीक्षा में जिले में प्रथम और प्रदेश में छठा स्थान हासिल करने वाली पारितोष इंटर कॉलेज की छात्रा दिशा पांडेय को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वीएनएसडी शिक्षा निकेतन की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने के साथ मार्शल आर्ट के जरिए आत्मरक्षा की तकनीकों का प्रदर्शन किया।
समारोह में डॉ. अर्चना सिंह, साधना देवी, उपासना, रत्ना गुप्ता, अनामिका, नीतू शर्मा, कामायनी शर्मा, गुड़िया देवी, मनप्रीत कौर, संजीवनी शर्मा, सुनील तिवारी, सुलेखा कुशवाहा, कंचन, नेहा शुक्ला, नीतू शुक्ला, मीना सिंह, अंजनी सोनकर, गीता देवी, वैशाली कुशवाहा, पूजा कटियार, रानी मिश्रा, शैल शुक्ला और रागिनी श्रीवास्तव सहित अन्य महिलाओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव, एडीसीपी स्नेहा तिवारी, जिला विकास अधिकारी एपी रस्तोगी, परियोजना निदेशक डीआरडीए आलोक कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह और डीपीओ प्रीति सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


