जीपीएस तस्वीरों और वीडियो से होगा मरम्मत कार्यों का सत्यापन, डीएम ने दिए जांच के निर्देश
Kanpur। सड़कों की मरम्मत पूरी होने की रिपोर्ट देने के बाद मौके पर काम अधूरा मिला तो संबंधित अधिशासी अभियंता के खिलाफ कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सड़क निर्माण, मरम्मत और पैचवर्क की गुणवत्ता परखने के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए हैं। ये अधिकारी मौके पर जाकर सड़कों की स्थिति जांचेंगे और जीपीएस आधारित तस्वीरों व वीडियो के साथ रिपोर्ट सौंपेंगे।

बुधवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, सेतु निगम सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि कागजों में काम पूरा दिखाने के बजाय मौके पर उसकी गुणवत्ता और वास्तविक स्थिति सुनिश्चित की जाए। सड़कों को आवागमन योग्य बनाने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड ने चार मार्गों पर सुदृढ़ीकरण कार्य जारी होने की जानकारी दी। छह सड़कों का नवीनीकरण 30 अक्टूबर तक पूरा करने और 26 सड़कों को अगले दस दिनों में आवागमन योग्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण खंड की 12 सड़कों का नवीनीकरण भी 30 अक्टूबर तक पूरा होगा। नौ सड़कों पर पैचवर्क पूरा हो चुका है, जबकि आठ पर काम जारी है।
पांच सड़कों के कार्यों में दूसरे विभागों से समन्वय की जरूरत पर डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड ने बताया कि जीटी रोड के 18 किलोमीटर हिस्से में 1.5 किलोमीटर पर पैचवर्क शेष है।
डीएम ने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय को सभी जोनों में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण समय से पूरा कराने को कहा।
प्रत्येक सप्ताह समीक्षा, सड़कवार डिजिटल विवरण और साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट तैयार होगी। लंबित निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर काम शुरू कराने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सड़कें दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एडीएम सिटी सौरभ सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


