मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंFriday, 20 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : चारों तहसीलों में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र शुरू, मतदान करना सीखेंगे लोग
कानपुर

Kanpur : चारों तहसीलों में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र शुरू, मतदान करना सीखेंगे लोग

Akash Chaudhary

डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने सदर तहसील में किया शुभारंभ, वीवीपैट से मत सत्यापन की भी मिलेगी जानकारी

Kanpur । मतदान प्रक्रिया को लेकर लोगों की जिज्ञासाएं दूर करने और ईवीएम की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए जिले की चारों तहसीलों में प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सदर तहसील में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का शुभारंभ किया। इन केंद्रों पर आमजन को मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर स्थापित इन केंद्रों में लोग इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की कार्यप्रणाली को करीब से समझ सकेंगे। यहां उन्हें बताया जाएगा कि ईवीएम के माध्यम से मतदान कैसे किया जाता है और वीवीपैट के जरिए डाले गए मत का सत्यापन किस तरह होता है। इससे लोगों को मतदान की तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी मिल सकेगी।

शुभारंभ के बाद जिलाधिकारी ने प्रदर्शन केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को मशीनों की कार्यप्रणाली सरल भाषा में समझाई जाए। लोगों को केवल मशीनों की जानकारी ही न दी जाए, बल्कि उनकी जिज्ञासाओं और शंकाओं का भी संतोषजनक समाधान किया जाए।

डीएम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की जानकारी होना जरूरी है। इसके लिए प्रदर्शन केंद्रों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग यहां पहुंचकर जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने केंद्र पर आने वाले प्रत्येक आगंतुक का विवरण निर्धारित रजिस्टर में नियमित रूप से दर्ज करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि सदर तहसील के अलावा जनपद की अन्य तीन तहसीलों में भी ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इच्छुक लोग इन केंद्रों पर पहुंचकर मशीनों की कार्यप्रणाली समझ सकते हैं। इन केंद्रों के माध्यम से मतदान प्रक्रिया को लेकर भ्रम और शंकाएं दूर करने के साथ ही निर्वाचन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।