Kanpur । वर्दी का रौब दिखाकर गरीब रेहड़ी वालों से मुफ्त में गोलगप्पे और आइसक्रीम खाना एक पीआरवी पुलिसकर्मी को भारी पड़ गया। घाटमपुर में हुई यह घटना मोबाइल कैमरे में कैद हुई तो मामला सीधे निलंबन तक पहुंच गया। वीडियो बनता देख पुलिसकर्मी ने 50 रुपये देकर मामला संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी करतूत सोशल मीडिया तक पहुंच चुकी थी।
घटना 28 मई की रात की बताई जा रही है। घाटमपुर क्षेत्र में गश्त कर रही पीआरवी-9303 पर तैनात पुलिसकर्मी सड़क किनारे ठेला लगाने वाले दुकानदारों के पास पहुंचा और बिना पैसे दिए गोलगप्पे व आइसक्रीम की मांग करने लगा। दुकानदारों ने भुगतान की बात कही तो आरोप है कि पुलिसकर्मी ने वर्दी का धौंस जमाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और दुकान न लगाने देने तक की धमकी दे डाली।
मौके पर मौजूद व्यापार मंडल के एक पदाधिकारी ने यह दृश्य अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। कैमरा चलते देख पुलिसकर्मी के तेवर बदल गए और उसने जेब से 50 रुपये निकालकर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस अधिकारियों ने जांच बैठा दी।
प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के लिए कोई जगह नहीं है। मामले की विस्तृत जांच एसीपी घाटमपुर को सौंप दी गई


