विशेष बाल दिवस पर बच्चों को किया प्रोत्साहित, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दी सीख
Kanpur । राजकीय बाल गृह बालक में विशेष बाल दिवस पर बच्चों के लिए रंगारंग सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने अपनी कला और हुनर से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनकी प्रस्तुतियों पर अतिथियों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग के उपनिदेशक, वरिष्ठ आयुर्वेदिक आचार्या वंदना और जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय की प्रतिनिधि शैल ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। अतिथियों ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कुछ खास करने की क्षमता होती है। जरूरत है तो उसे पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ने की। उन्होंने बच्चों को मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
आचार्या वंदना ने बच्चों को खानपान पर विशेष ध्यान देने और संतुलित व पौष्टिक आहार अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक जीवनशैली सफलता के लिए जरूरी हैं। इस दौरान बच्चों की रचनात्मक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम में सुमन वर्मा, वैभव वर्मा, विभा त्रिपाठी और मो. हलीम समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

