बोले- जनता के बीच विश्वसनीयता खो चुकी है सपा, 2027 में विकास और सुशासन के दम पर फिर खिलेगा कमल
Kanpur। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आजम खान के जेल में रहने या बाहर आने से समाजवादी पार्टी की राजनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सपा जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है। गुंडों, माफियाओं और अराजक तत्वों को संरक्षण देने वाली राजनीति को प्रदेश की जनता दोबारा स्वीकार नहीं करेगी। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा विकास और सुशासन के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी और फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।
बृहस्पतिवार को कानपुर पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत माता और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर पर की गई टिप्पणी से सपा की सोच उजागर होती है। भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभावना और बाबा साहेब के सम्मान के खिलाफ विचार रखने वालों को जनता पहले ही नकार चुकी है। प्रदेश की जनता ऐसे राजनीतिक दलों को दोबारा मौका देने के पक्ष में नहीं है।
अखिलेश के काफिले से हादसे पर होगी कार्रवाई
गोरखपुर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के काफिले में शामिल वाहन से हुई दुर्घटना में बच्चे की मौत को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कहा कि घटना बेहद दुखद है। मामले में कानून अपना काम करेगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी कानून से अलग नहीं रखा जाएगा।
विकास और कानून-व्यवस्था होंगे चुनावी मुद्दे
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार अपने विकास कार्यों, सुशासन और बेहतर कानून-व्यवस्था के आधार पर जनता के बीच जाएगी। सरकार ने प्रदेश में निवेश का माहौल तैयार किया है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम किया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि जनता एक बार फिर भाजपा को अपना समर्थन देगी और वर्ष 2027 में प्रदेश में प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी।इस दौरान क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी और क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी डॉ. संजय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

