मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंMonday, 16 November 2026
विज्ञापन
होम›खेल›Kanpur : भारतीय डेफ फुटबॉल टीम के फिजियो बने कानपुर के डॉ. बाजपेई
खेल

Kanpur : भारतीय डेफ फुटबॉल टीम के फिजियो बने कानपुर के डॉ. बाजपेई

Akash Chaudhary

दक्षिण कोरिया में एशिया पैसिफिक चैंपियनशिप में संभालेंगे खिलाड़ियों की फिटनेस, यूपी के राजा रंजन भी भारतीय टीम में शामिल

Kanpur । अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में कानपुर की प्रतिभा को अहम जिम्मेदारी मिली है। शहर के सुप्रसिद्ध स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अभिषेक बाजपेई का 5वीं एशिया पैसिफिक डेफ फुटबॉल चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम के फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में चयन हुआ है।

प्रतियोगिता दक्षिण कोरिया के चांगवोन में आयोजित होगी। उत्तर प्रदेश डेफ एसोसिएशन के महामंत्री सौरभ श्रीवास्तव ने इसकी जानकारी दी। उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी राजा रंजन को भी भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

खिलाड़ियों की फिटनेस पर रहेगी नजर
एशिया-प्रशांत क्षेत्र की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कई देशों की शीर्ष टीमें हिस्सा लेंगी। भारतीय टीम देश का प्रतिनिधित्व करेगी। डॉ. बाजपेई पर खिलाड़ियों की फिटनेस, चोटों के प्रबंधन, पुनर्वास और मुकाबलों के दौरान फिजियोथेरेपी सहायता की जिम्मेदारी रहेगी। उनका काम खिलाड़ियों को शारीरिक रूप से तैयार रखने और बेहतर प्रदर्शन में मदद करना होगा।

पहले भी दे चुके हैं अंतरराष्ट्रीय सेवाएं
डॉ. अभिषेक बाजपेई स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपी के अनुभवी विशेषज्ञ हैं। इससे पहले भी वह कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में टीमों के साथ काम कर चुके हैं। उनके चयन को कानपुर और उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

डॉ. बाजपेई ने कहा कि भारतीय टीम के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर जाना उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उनका प्रयास रहेगा कि खिलाड़ी पूरी तरह फिट रहें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करें।

उनके चयन पर डेफ एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित संजीव पाठक, सचिन शुक्ला, सर्वेश तिवारी और शालिनी श्रीवास्तव ने बधाई दी। खेल प्रेमियों और फिजियोथेरेपी समुदाय ने भी भारतीय टीम की सफलता की कामना की।