Kanpur । अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ रविवार को घाटमपुर में संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। एसडीएम अबिचल प्रताप सिंह के नेतृत्व में एआरटीओ, खान विभाग और पुलिस की टीम ने वाहनों की जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर सात वाहनों का चालान किया गया। इन पर कुल 2,66,750 रुपये की धनराशि अधिरोपित की गई।

जांच अभियान के दौरान टीम ने वाहनों में लदे खनिज की मात्रा, निर्धारित भार क्षमता और परिवहन संबंधी दस्तावेजों की जांच की। क्षमता से अधिक भार लेकर चलने और अन्य अनियमितताएं मिलने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अचानक हुई जांच से वाहन चालकों में खलबली मची रही।
ओवरलोडिंग पर जारी रहेगी कार्रवाई
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ओवरलोडिंग और अवैध खनिज परिवहन पर लगातार नजर रखी जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय से जांच अभियान जारी रखने और परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

