दूसरे दिन खेले गए 10 मुकाबले, हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय ने 7-0 से दी शिकस्त
Kanpur । छत्रपति शाहूजी महाराज (सीएसजेएमयू) में खेले जा रहे सेंट्रल जोन अंतर-विश्वविद्यालयीय पुरुष फुटबाल प्रतियोगिता में दूसरे दिन 10 मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) की टीम ने रोमांचक मुकाबले में 8-7 से वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय पराजित किया। दूसरे मुकाबले में हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय मध्य प्रदेश की टीम ने 7-0 से महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय की टीम को करारी शिकस्त दी।
रविवार को विश्वविद्यालय व आइआइटी के फुटबाल मैदान में खेले गए मुकाबलों में गोल दागने के लिए खिलाड़ियों के बीच जोरदार भिंड़त हुई।
एलएनसीटी विश्वविद्यालय भोपाल की टीम ने विक्रांत विश्वविद्यालय ग्वालियर को 2-1 से, जागरण लेकसिटी विश्वविद्यालय ने मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर को 1-0 से हराया। डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा और नोएडा इंटरनेशनल विश्वविद्यालय के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। पेनल्टी शूटआउट में आगरा विश्वविद्यालय की टीम ने 7-6 से जीत हासिल कर अगले चरण में प्रवेश किया। इसी प्रकार रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर ने क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय खरगोन को 5-0 से पराजित किया।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन को 1-0 से शिकस्त दी। वहीं, महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, छतरपुर ने रेनेसां विश्वविद्यालय, इंदौर को 3-0 से से हराया। सोमवार को प्रतियोगिता में 10 मुकाबले आइआइटी व सीएसजेएमयू फुटबाल मैदान में खेले जाएंगे।

