मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंSunday, 15 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : अवैध खनिज परिवहन पर शिकंजा, पांच वाहन पकड़े
कानपुर

Kanpur : अवैध खनिज परिवहन पर शिकंजा, पांच वाहन पकड़े

Akash Chaudhary

 

 

भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग के निदेशक डॉ. उज्ज्वल कुमार ने किया औचक निरीक्षण, हमीरपुर और महोबा में भी जांच

Kanpur । अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव डॉ. उज्ज्वल कुमार ने कानपुर नगर, हमीरपुर और महोबा में औचक निरीक्षण कर खनन और खनिज परिवहन व्यवस्था की हकीकत परखी। इस दौरान कानपुर के नौबस्ता मार्ग पर बिना वैध परिवहन प्रपत्र के उपखनिज ले जा रहे पांच वाहनों को पकड़कर उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई।

#kanpur

पकड़े गए वाहनों में यूपी 32 पीएन 9127, यूपी 78 केएन 8929, यूपी 78 एचटी 6321, यूपी 78 जेएन 9979 और यूपी 78 जेएन 8434 शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान निदेशक ने खान अधिकारी को अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खनिज परिवहन में आईएसटीपी के नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसके बाद हमीरपुर में खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की जांच की गई। यहां अधिकारियों को प्रत्येक वाहन में वैध परिवहन प्रपत्र और निर्धारित लोडिंग मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

महोबा में स्टोन क्रशरों और खनन पट्टों के निरीक्षण के दौरान कुछ क्रशरों पर वास्तविक स्टॉक और पोर्टल पर दर्ज खनिज की मात्रा में अंतर मिला। इस पर ज्येष्ठ खान अधिकारी को संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही खनन स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन कराने के निर्देश दिए।

डॉ. उज्ज्वल कुमार ने कहा कि अवैध खनन, ओवरलोडिंग और खनिजों के अवैध परिवहन पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। दूसरे राज्यों की सीमाओं पर जिला टास्क फोर्स के माध्यम से निगरानी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने राजस्व बढ़ाने के लिए रिक्त खनन क्षेत्रों के विज्ञापन और नए खनन क्षेत्रों को प्रक्रिया में शामिल करने के निर्देश भी दिए।