तड़के 4:30 बजे धधक उठी इमारत, संकरी गली में दमकल कर्मियों को रेस्क्यू में करनी पड़ी मशक्कत, 25 लोगों को सुरक्षित निकाला
Kanpur । फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 4:30 बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। हादसे में 45 वर्षीय राखी और 16 वर्षीय प्रांजल बाथम की मौत हो गई, जबकि दो लोग झुलसने और धुएं की चपेट में आने से घायल हो गए। दमकल और पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत कर अपार्टमेंट में फंसे करीब 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

नींद में थे लोग, धुएं से घिर गई इमारत
सोमवार सुबह जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, तभी अपार्टमेंट में आग लग गई। कुछ ही देर में आग और धुएं ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। अपार्टमेंट के भीतर खड़ी कई गाड़ियां और अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गए। आग और धुएं के कारण लोगों को बाहर निकलने का रास्ता तक नहीं सूझ रहा था। खासकर बेसमेंट में रहने वाले लोगों के सामने मुश्किल स्थिति पैदा हो गई।

संकरी गली बनी बचाव कार्य में बाधा
सूचना पर फीलखाना पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। अपार्टमेंट तक जाने वाली गली संकरी होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने और राहत कार्य में काफी परेशानी हुई। इसके बावजूद जवानों ने मोर्चा संभालते हुए इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। करीब 25 लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में दो ने तोड़ा दम
उर्सला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. शुभम जैन के मुताबिक, अग्निकांड के बाद चार लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें 45 वर्षीय राखी और 16 वर्षीय प्रांजल बाथम को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं नीता और वैभव का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
आग की वजह तलाशने में जुटी टीमें
घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी कोतवाली अमित पांडे भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें जांच कर रही हैं। भीषण अग्निकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

