Kanpur। खलासी लाइन स्थित एलनहाउस पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को केएसएस अंतर-विद्यालयीय (जोन-बी) सीनियर बालक शतरंज प्रतियोगिता हुई। इसमें सीबीएसई जोन-बी के 18 विद्यालयों के 90 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें डीपीएस आजादनगर ने शानदार खेल दिखाते हुए विजेता ट्रॉफी जीती।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शबाना अरोड़ा, वरिष्ठ प्रधानाध्यापिका जेहरा फातिमा और कानपुर जिला शतरंज संघ के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने किया। पांच राउंड तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद डीपीएस आजाद नगर ने 10 अंकों के साथ खिताब अपने नाम किया।
डीपीएस कल्याणपुर 8 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि द चिंटल स्कूल कल्याणपुर ने 6 अंक अर्जित कर तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच खिलाड़ियों को विशेष ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इनमें शुभ गुप्ता (श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर), अद्विवक कटियार (युगम इंटरनेशनल), हरजी सिंह (सर पदमपत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर), अरिहंत राजपूत (पं. दीनदयाल स्कूल) और कबीर चन्द्रवंशी शामिल रहे। शनिवार को बालिका वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। समापन पर विजेताओं को पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।


