विधायक सुरेंद्र मैथानी ने ₹3.46 लाख की परियोजना का किया भूमि पूजन, सैकड़ों परिवारों को मिलेगा स्वच्छ पेयजल
Kanpur। विजय नगर के लोगों को जल्द ही पानी की किल्लत से राहत मिलने वाली है। लंबे समय से पेयजल संकट झेल रहे वार्ड-33 के निवासियों के लिए शुक्रवार को नए समरसेबल पंप की सौगात मिली। गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने नेशनल पार्क के बाहर (जेपी पार्क के पीछे) समरसेबल पंप का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

करीब 3.46 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह समरसेबल पंप क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के दिनों में पानी की समस्या सबसे अधिक बढ़ जाती थी। अब इस परियोजना से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

भूमि पूजन के दौरान विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। विजय नगर के इस इलाके में पानी की समस्या लगातार उनके संज्ञान में आ रही थी, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए समरसेबल पंप की स्वीकृति दिलाई गई। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समय में और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया और विकास कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि विधायक जनता की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान कराने का प्रयास करते हैं।इस अवसर पर पार्षद घनश्याम गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अजय राय, दीपक राजपूत, अरुण दुबे, संजू, राहुल, शिवम कुमार, आदित्य दिवाकर समेत बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


