पासबुक पर मुहर और हस्ताक्षर, फिर भी एफडी को फर्जी बता रहा विभाग; सुकन्या खाते से भी गायब मिली रकम
Kanpur । घाटमपुर उप डाकघर में लाखों रुपये के कथित घोटाले का मामला सामने आने के बाद खाताधारकों में खलबली मची है। किसी के सुकन्या खाते से जमा रकम गायब है तो किसी की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) को डाक विभाग फर्जी बता रहा है। शुक्रवार को विधायक सरोज कुरील ने उप डाकघर पहुंचकर पीड़ित खाताधारकों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने पूरे मामले की एसआईटी से जांच कराने के साथ ही स्वतंत्र जांच एजेंसी से पड़ताल कराने की मांग उठाई।
शुक्रवार को वरिष्ठ भाजपा नेता विजय सचान और वरिष्ठ सभासद गुड्डू पंडित के साथ कई खाताधारक उप डाकघर पहुंचे। यहां उन्होंने अपने खातों और जमा धनराशि से संबंधित अभिलेखों की जांच कराई। इस दौरान कई खाताधारकों ने शिकायत की कि उनके खातों में जमा रकम नहीं दिखाई जा रही है। कुछ लोगों की एफडी को विभाग फर्जी बता रहा है, जबकि उनके पास मौजूद पासबुक पर डाकघर की मुहर और कर्मचारियों के हस्ताक्षर दर्ज हैं। इससे खाताधारकों के सामने अपनी जमा पूंजी को लेकर संकट खड़ा हो गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक सरोज कुरील भी उप डाकघर पहुंचीं। उन्होंने एक-एक कर पीड़ितों की शिकायतें सुनीं और डाक विभाग के अधिकारियों से जवाब मांगा। विधायक ने डाक अधीक्षक रवि कुमार को फोन कर इतने बड़े घोटाले के बावजूद मामले की जानकारी न लेने पर नाराजगी जताई। उन्होंने उच्चाधिकारियों से भी फोन पर बातचीत कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच एसआईटी अथवा किसी स्वतंत्र जांच एजेंसी से कराने की मांग की।
गौरतलब है कि इस मामले में पहले ही दो डाक कर्मचारियों को निलंबित किया जा चुका है। हालांकि खाताधारकों को अभी अपनी जमा रकम और एफडी की वास्तविक स्थिति का इंतजार है। पीड़ितों ने दोषियों पर कार्रवाई के साथ अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।

