मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंFriday, 6 November 2026
विज्ञापन
होम›खेल›Kanpur : कप्तान आदर्श ने सीसामऊ को दिलाया फाइनल का टिकट
खेल

Kanpur : कप्तान आदर्श ने सीसामऊ को दिलाया फाइनल का टिकट

Akash Chaudharyअपडेट: March 10, 2025

केपीएल के पहले सेमीफाइनल में नाबाद 94 रनों की पारी खेल गंगा बिठूर को 9 विकेट से हराया

Kanpur । कप्तान आदर्श सिंह की नाबाद 94 रनों की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर सीसामऊ सुपरिकंग्स ने सोमवार को खेले गये पहले सेमीफाइनल में गंगा बिठूर को 9 विकेट से रौंदकर कानपुर प्रीमियर लीग (केपीएल) के फाइनल में शान से प्रवेश किया। गंगा बिठूर ने पहले खेलकर 20 ओवर में 8 विकेट पर 139 रनों का स्कोर बनाया। जवाब में सीसामऊ सुपरकिंग्स ने 16 ओवर में मात्र एक विकेट खोकर 140 रन बनाते हुए जीत हासिल की।

#kanpurलक्ष्य का पीछा करने उतरी सीसामऊ सुपरिकंग्स के कप्तान व ऑरेंज कैप धारी आदर्श सिंह और सार्थक लोहिया ने पहले विकेट के लिए 14.2 ओवर में 128 रनों की शतकीय साझेदारी कर टीम को जीत की राह दिखायी।

#kanpur

सार्थक 44 रन बनाकर प्रशांत अवस्थी का शिकार हुए। इसके बाद आदर्श ने देवाशीष (नाबाद एक) के साथ टीम को 16 ओवर में एक विकेट पर 140 रन बनाते हुए 9 विकेट की शानदार जीत दिलायी। आदर्श ने 54 गेंदों में आठ छक्के व तीन चौकों की मदद से 94 रनों की नाबाद पारी खेलने के साथ ही ऑरेंज कैप पर भी कब्जा जमाये रखा। गंगा बिठूर से एकमात्र विकेट कप्तान प्रशांत अवस्थी के नाम रहा।

#kanpur

केपीएल के पहले सीमीफाइनल में कप्तान प्रशांत अवस्थी का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला कारगर साबित नही हुआ। टीम के 31 रनों पर चार बल्लेबाज पवेलियन लौटे। जिसमें ओपनर शुभम चौधरी (0) को किशन सिंह, प्रणव वोहरा (0) को अभिनव शर्मा, विराट जायसवाल (6) और सौरभ सिंह (7) को ध्रुव प्रताप सिंह ने आउट किया।।

ओपनर आकाश त्रिवेदी और कप्तान प्रशांत अवस्थी ने नाजुक स्थिति से उबारते हुए टीम को 65 रनों के स्कोर तक पहुचाया। इसी स्कोर पर आकाश 34 रन बनाकर सत्यम पाण्डेय का शिकार हुए। इसके बाद प्रशांत ने अपना पचासा पूरा करने के साथ ही सागर शर्मा के साथ मिलकर टीम का स्कोर 130 रनों तक पहुंचाया। ध्रुव प्रताप सिंह ने इस जोड़ी का अंत किया। उन्होंने पहले सागर को 22 रनों पर तथा प्रशांत को 61 रनों पर सुधांशु चौरसिया के हाथों कैच आउट कराया।

विकेट पर उतरे प्रशांत चौधरी (2) रन आउट हुए और अमन भदौरिया के नाबाद एक और दिपांशु सिंह के नाबाद दो रनों की मदद से गंगा बिठूर की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 139 रनों का स्कोर बना सकी। सीसामऊ की तरफ से ध्रुव प्रताप ने 29 रन देकर चार, किशन सिंह, अभिनव शर्मा और सत्यम पाण्डेय ने एक-एक विकेट लिया।
—

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *