काकादेव में हादसा, हेलमेट निकलने से सिर में लगी गंभीर चोट; हैलट में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
Kanpur । काकादेव थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी फाइनेंस कंपनी के सेल्स मैनेजर की मौत हो गई। हादसा स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में बाइक फिसलने से हुआ। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान चली गई।
मसवानपुर निवासी प्रशांत तिवारी बजाज फाइनेंस कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे वह अपने साथी कर्मचारियों के साथ बाइक से कार्यालय जा रहे थे। पांडु नगर के पास अचानक सामने एक स्कूटी सवार आ गया। उसे बचाने के लिए प्रशांत ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिरते समय प्रशांत का हेलमेट सिर से निकल गया और उनका सिर सीधे सड़क से टकरा गया। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद साथी कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
युवा सेल्स मैनेजर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची काकादेव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसा बाइक फिसलने से होना सामने आया है। परिजनों की ओर से मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के दौरान प्रशांत का हेलमेट सिर से निकल गया था। पुलिस हादसे के कारणों के साथ हेलमेट की स्थिति की भी जांच कर रही है।


