1645 विस्थापित परिवारों को भूमिधरी अधिकार पत्र बांटे, गोसंरक्षण और पाकिस्तान पर भी दिए सख्त बयान
Bijnor। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बिजनौर में आयोजित कार्यक्रम में पाकिस्तान से विस्थापित 1645 परिवारों तथा पूर्व सैनिकों और लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने गाजियाबाद की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी कतई स्वीकार्य नहीं है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दशकों से विस्थापित परिवार अपने अधिकारों की प्रतीक्षा कर रहे थे और अब उन्हें जमीन का मालिकाना हक मिल रहा है। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कई पीढ़ियां गुजर गईं, लेकिन इन परिवारों की सुध नहीं ली गई। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने शरण लेने वाले पीड़ित समुदायों को अधिकार देने का काम किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने गोसंरक्षण, बकरीद और पाकिस्तान से जुड़े मुद्दों पर भी तीखे बयान दिए। उन्होंने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति में माता के समान है और इसके सम्मान पर किसी प्रकार की हिमाकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पाकिस्तान और बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां धार्मिक उत्पीड़न पर आवाज उठाने वाले बहुत कम दिखाई देते हैं।
सीएम योगी ने बिजनौर के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज, सड़क और एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं से क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है और पश्चिमी उत्तर प्रदेश विकास के पैमाने पर पीछे नहीं रहेगा। साथ ही युवाओं को भरोसा दिलाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में अब पारदर्शिता है और योग्य अभ्यर्थियों को अवसर मिल रहा है।


