कानपुर देहात को 79 रन से हराकर जीती चल वैजयंती ट्रॉफी, नीरज शाक्य बने प्लेयर ऑफ द मैच
Kanpur । 26वीं अंतरजनपदीय पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में कानपुर नगर पुलिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कानपुर देहात पुलिस टीम को 79 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही कानपुर नगर ने चल वैजयंती ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। टीम की जीत में बल्लेबाज हरिओम मिश्रा और गेंदबाज नीरज शाक्य की अहम भूमिका रही।
सिविल लाइंस स्थित रिजर्व पुलिस लाइंस मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में कानपुर नगर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 165 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। हरिओम मिश्रा ने 56 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि जितेंद्र सिंह ने 52 और चैतन्य ने 24 रन का योगदान दिया।
कानपुर देहात की ओर से नीरू तोमर ने दो विकेट झटके, जबकि राहुल मलिक और दीपक यादव को एक-एक विकेट झटके। 166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर देहात की टीम कानपुर नगर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 15 ओवर में महज 86 रन पर सिमट गई। गोविंद सिंह ने 23, गौरव सहयोग ने 19 और नीरू तोमर ने 14 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। कानपुर नगर की ओर से देवराज तालन ने चार विकेट, जबकि नीरज शाक्य ने तीन और अनिरुद्ध ने दो विकेट चटकाए।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए नीरज शाक्य को प्लेयर ऑफ द मैच और श्रेष्ठ गेंदबाज, हरिओम मिश्रा को श्रेष्ठ बल्लेबाज और अभिषेक सिंह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। समापन समारोह में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय व अपराध) कानपुर कमिश्नरेट संतोष मिश्रा ने विजेता टीम को चल वैजयंती ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

