Kanpur । केसीए की वुमंस चैंपियन ट्रॉफी में फोर सीजन क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओक रिज्ड परफ्यूम को 80 रनों से पराजित किया। राहुल सप्रू मैदान पर खेले गए मुकाबले में फोर सीजन क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाए।
टीम की ओर से शिवांगी गुप्ता ने 35 रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि आयुषी सिंह ने 31 और रिशु शर्मा ने 26 रन का योगदान दिया। ओक रिज्ड परफ्यूम की ओर से रुचि और एंजलीना वर्मा ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओक रिज्ड परफ्यूम की टीम निर्धारित 35 ओवर में आठ विकेट खोकर 101 रन ही बना सकी।
टीम की ओर से खुशी ने 19 और एंजलीना वर्मा ने 14 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। फोर सीजन क्लब की ओर से गेंदबाजी में वर्षा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट झटके, जबकि सुकन्या ने दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए वर्षा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

