मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंThursday, 19 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : ई-सिगरेट बेची तो एक साल जेल, एक लाख रुपये तक जुर्माना
कानपुर

Kanpur : ई-सिगरेट बेची तो एक साल जेल, एक लाख रुपये तक जुर्माना

Akash Chaudharyअपडेट: November 19, 2026

दोबारा पकड़े जाने पर तीन साल की सजा और पांच लाख जुर्माने का प्रावधान, विद्यार्थियों को दी गई कानून की जानकारी

 

Kanpur । ई-सिगरेट को फैशन का हिस्सा या सामान्य सिगरेट का सुरक्षित विकल्प समझना भारी पड़ सकता है। इसकी बिक्री करते पकड़े जाने पर एक साल तक की जेल और एक लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है। दोबारा नियम तोड़ने पर तीन साल तक कारावास और पांच लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। गुरुवार को तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत शहर के दो विद्यालयों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ई-सिगरेट से जुड़े इन सख्त कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

#kanpur

राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जीएनके इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस और बीएनएसडी शिक्षा निकेतन, चुन्नीगंज में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनपद सलाहकार निधि वाजपेयी ने बताया कि ई-सिगरेट को नुकसानरहित समझना बड़ी भूल है। इससे निकलने वाले एरोसोल में निकोटीन समेत कई हानिकारक पदार्थ हो सकते हैं। निकोटीन की लत किशोरों और युवाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने विद्यार्थियों से खुद नशे से दूर रहने और अपने परिवार व मित्रों को भी जागरूक करने की अपील की।

ई-सिगरेट का भंडारण भी अपराध
विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम-2019 के बारे में बताया गया कि देश में ई-सिगरेट का उत्पादन, निर्माण, आयात, निर्यात, परिवहन, बिक्री, वितरण और विज्ञापन प्रतिबंधित है। इसके भंडारण पर भी रोक है। अधिनियम की धारा चार के उल्लंघन पर पहली बार एक साल तक की जेल अथवा एक लाख रुपये तक जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। दोबारा उल्लंघन पर तीन साल तक की जेल और पांच लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। वहीं, अवैध भंडारण पर छह माह तक की जेल अथवा 50 हजार रुपये तक जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।

स्कूल के 100 गज दायरे में बिक्री पर रोक
कार्यक्रम में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम-2003 के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है। 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचना और शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में इनकी बिक्री करना भी प्रतिबंधित है। उल्लंघन पर 200 रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है।

जनपद के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. एसपी यादव ने बताया कि कार्यक्रम में तंबाकू और ई-सिगरेट के दुष्प्रभावों पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया। अंत में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को तंबाकू एवं अन्य नशीले उत्पादों से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।