ओवैसी पर तंज कसकर बोले- वह बैरिस्टर हैं, मौलाना नहीं; कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की भूमिका पर भी उठाए सवाल, जेल की आपबीती सुनाते हुए हुए भावुक
Rampur । जेल से रिहाई के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान गुरुवार को पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने पुराने अंदाज में नजर आए। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर तीखा कटाक्ष किया। साथ ही कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की भूमिका पर सवाल उठाकर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी।
ओवैसी को लेकर पूछे गए सवाल पर आजम खान ने कहा कि वह मौलाना नहीं, बल्कि बैरिस्टर हैं। दाढ़ी रखने से कोई मौलाना या साधु नहीं बन जाता। मौलाना बनने के लिए मौलवियत की डिग्री जरूरी है और फतवा देने के लिए मुफ्ती की बाकायदा डिग्री होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ओवैसी को लेकर अभी और भी बातें होंगी। हैदराबादी बिरयानी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि रामपुर और आसपास के इलाके में हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती। यहां के लोग पुलाव और मटन बिरयानी पसंद करते हैं।
धर्म और जाति के नाम पर नहीं होगा चुनाव
आगामी चुनाव को लेकर आजम खान ने कहा कि अब कोई भी चुनाव धर्म और जाति के नाम पर नहीं लड़ा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म को धर्म वाले और मजहब को मजहब वाले ही नुकसान पहुंचा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में नफरत का एजेंडा फैलाया जा रहा है। राजनीति में धर्म और जाति के इस्तेमाल पर उन्होंने नाराजगी जताई।
रामपुर में वोटों की लूट पर गठबंधन को घेरा
आजम खान ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने रामपुर में मतदान के दौरान कथित तौर पर वोटों की लूट और मतदाताओं को डराने का मुद्दा उठाया। कहा कि जब रामपुर में पहली बार ऐसी घटनाएं हुईं तो गठबंधन ने इसे गंभीरता से नहीं उठाया। यदि उस समय मजबूती से विरोध किया गया होता तो दूसरे राज्यों में भी ऐसी घटनाओं को रोकने में मदद मिल सकती थी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का अधिकार सबसे महत्वपूर्ण है और मतदाताओं को इससे वंचित करना गंभीर मामला है।
ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग पर निशाना
आजम खान ने ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं को अपनी साख और प्रतिष्ठा बनाए रखनी चाहिए। चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। उनके मुताबिक संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता लोकतंत्र के लिए जरूरी है।
जेल की आपबीती सुनाते हुए हुए भावुक
जेल में बिताए समय का जिक्र करते हुए आजम खान भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि आजादी से बड़ी दुनिया में कोई दौलत नहीं है। विश्वविद्यालय बनाने और शिक्षा के क्षेत्र में काम करने के बाद उन्हें ऐसे हालात का सामना करना पड़ेगा, इसका अंदाजा नहीं था। उन्होंने परिवार और बच्चों का जिक्र करते हुए कहा कि वह रिक्शा चलाना और बच्चों से बीड़ी बनवाना पसंद करते, लेकिन परिवार को ऐसी परिस्थितियों से नहीं गुजरने देते। आजम खान ने दावा किया कि जेल में रहने के दौरान उनका वजन 98 किलो से घटकर 70 किलो रह गया।

