छठी मंजिल से गिरकर हुई थी कारोबारी के बेटे की मौत, चश्मा, मोबाइल और घड़ी सुरक्षित मिलने पर जताई आशंका
Kanpur । बिठूर के रुद्रा ग्रीन अपार्टमेंट में कारोबारी के बेटे संभव खंडेलवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पिता विशाल खंडेलवाल ने बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए उसकी दोस्त सुहानी, उसके मामा प्रवीण उडानी, मां और भाई के खिलाफ बिठूर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पिता ने घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए कई सवाल उठाए हैं।
कौशलपुरी निवासी कारोबारी विशाल खंडेलवाल के मुताबिक, 14 नवंबर को उनका बेटा संभव दोपहर करीब दो से ढाई बजे के बीच कार से घर से निकला था। उसने दीपावली पर परिचितों और मित्रों से मिलने की बात कही थी। शाम करीब 4:05 बजे संभव के मोबाइल नंबर से प्रवीण उडानी ने फोन कर बताया कि वह रुद्रा ग्रीन अपार्टमेंट के टावर नंबर दो स्थित छठी मंजिल के फ्लैट की बालकनी से नीचे गिर गया है। इसके बाद उन्हें पारस अस्पताल पहुंचने के लिए कहा गया। परिजन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने संभव को मृत घोषित कर दिया।
सुरक्षित सामान ने खड़े किए सवाल
पिता ने तहरीर में सवाल उठाया कि यदि संभव छठी मंजिल से गिरा था तो उसका चश्मा, मोबाइल और घड़ी सुरक्षित कैसे रह गए? उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे के मोबाइल में भी छेड़छाड़ की गई है। विशाल के अनुसार, संभव ने पहले उन्हें बताया था कि उसका प्रवीण उडानी से विवाद हुआ था। इस दौरान प्रवीण ने अपार्टमेंट आने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। पिता ने इसी विवाद को घटना से जोड़ते हुए हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस को सूचना न देने पर भी सवाल
विशाल ने यह भी सवाल उठाया कि घटना के बाद प्रवीण ने पुलिस को सूचना देने के बजाय सीधे उन्हें फोन क्यों किया? उनका आरोप है कि सुहानी, प्रवीण और परिवार के अन्य सदस्यों के बयानों में भी अंतर है। उन्होंने आशंका जताई कि बेटे को अपार्टमेंट बुलाकर उसके साथ जानलेवा हमला किया गया और उसकी हत्या कर दी गई।
गौरतलब है कि घटना के बाद सुहानी और उसके परिजनों ने संभव की मौत छठी मंजिल से गिरने के कारण होने की बात कही थी। घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। अब पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
एसपी कल्याणपुर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी संबंधित लोगों से दोबारा पूछताछ की जाएगी। घटना से जुड़े सभी पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कराई जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

