Kanpur । छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में आयोजित सेंट्रल जोन अंतर विश्वविद्यालय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को छह मुकाबले खेले गए। इसमें मेजबान सीएसजेएमयू कानपुर ने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर को 1-0 से पराजित किया। इस जीत के साथ ही सीएसजेएमयू ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया।
सीएसजेएमयू परिसर स्थित मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में मेजबान टीम और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने निर्धारित समय में गोल करने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली। इसके बाद अतिरिक्त समय में सीएसजेएमयू के खिलाड़ियों ने निर्णायक गोल दागकर टीम को 1-0 से जीत दिला दी।
वहीं, दूसरे मुकाबले में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को 2-0 से शिकस्त दी। आईआईटी मैदान पर खेले गए तीसरे मुकाबले में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ ने रोमांचक मुकाबले में गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय को 6-5 से पराजित किया।
दिन के चौथे मुकाबले में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने सैम हिगिनबॉटम विश्वविद्यालय को 2-0 से हराकर जीत दर्ज की। सीएसजेएमयू के सचिव खेल शुभम हजारिया और शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर पांडेय ने टीम की इस उपलब्धि पर खुशी जताई।

