मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंFriday, 30 October 2026
विज्ञापन
होम›खेल›Kanpur: तीहरा शतक ठोककर आराध्य ने ग्रीनपार्क में मचाया कोहराम
खेल

Kanpur: तीहरा शतक ठोककर आराध्य ने ग्रीनपार्क में मचाया कोहराम

Parpanch Newsअपडेट: November 16, 2024
  • Kanpur: सीके नायडू में गोवा के खिलाफ उत्तर प्रदेश ने छह विकेट पर 587 रन बनाकर पहली पारी की घोषित
  • दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक मेहमान टीम ने एक विकेट खोकर बनाये 82 रन

Kanpur: कप्तान आराध्य यादव के धमाकेदार तीहरे शतक के दम पर मेजबान उत्तर प्रदेश ने ग्रीनपार्क में खेले जा रहे कर्नल सीके नायडू ट्राफी के मुकाबले में गोवा के खिलाफ अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली है। दूसरे दिन यूपी ने आराध्य के 320 रन, शोएब सिद्दकी और प्रशांत वीर के 100-100 रनों की बदौलत पहली पारी 128.4 ओवर में 6 विकेट पर 587 रन बनाकर घोषित की। दिन का खेल समाप्त होने तक गोवा की टीम ने भी संभलकर खेलते हुए 20 ओवर में एक विकेट पर 82 रन बना चुकी है। विकेट पर इस समय ओपनर अजना तोहता 57 गेंदों में 39 तथा कप्तान कुशल हटगंडी 20 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं गोवा का एकमात्र विकेट कुणाल त्यागी ने चिट्टम देवानकुमार (13) को क्लीन बोल्ड कर लिया।

दूसरे दिन चार विकेट पर 178 रनों से आगे खेलने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम से शोएब सिद्दकी ने दो रन बनाकर अपना शतक पूरा किया। हालांकि इसी स्कोर पर वह शादाब खान की गेंद पर कॉट एंड बोल्ड हो गये। इसके बाद आराध्य और प्रशांतवीर ने तेजी से खेलते हुए टीम का स्कोर 500 रनों के पार पहुंचाया। इस दौरान आराध्य जहां तीहरे शतक की तरफ बढ़ रहे थे वहीं प्रशांत भी तेजी से खेलते हुए अपना शतक पूरा करने की ओर अग्रसर दिखे, जिसके चलते पारी घोषित नहीं हुई। हालांकि दोनों ही बल्लेबाज अपने मंसूबों में कामयाब हुए। आराध्य ने 396 गेंदों में 36 चौकों की मदद से घरेलू क्रिकेट में अपना पहला तीहरा शतक भी ठोका। इसके बाद तेजी से खेलते हुए आराध्य 320 रनों पर शिवम प्रताप सिंह की गेंद को मारने में दीप केशवांकर के हाथों कैच आउट हो गये। अपनी रिकार्ड पारी के लिए आराध्य ने कुल 412 गेंदों का सामना किया जिसमें 38 चौके व एक छक्का शामिल रहा। आराध्य और प्रशांत के बीच 249 रनों की साझेदारी हुई। 568 रनों के स्कोर पर छठवां विकेट गिरने के बाद प्रशांत ने 120 गेंदों में 8 चौके व दो छक्के लगाकर अपना शतक पूरा किया। इसके तुरंत बाद उत्तर प्रदेश टीम ने 587 रनों के स्कोर पर अपनी पहली पारी घोषित कर दी। प्रशांत नाबाद 100 तथा रिषभ बंसल नाबाद तीन रन बनाकर पवेलियन लौटे। गोवा की तरफ से शिवम प्रताप सिंह ने 106 रन देकर तीन, लखमेस पावने ने 112 रन देकर दो और शादाब खान ने 87 रन देकर एक विकेट लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *