सेंट मैरी स्कूल के बूथों का किया निरीक्षण, जिले के 3736 बूथों पर चला विशेष अभियान
Kanpur । मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए शनिवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कैंट विधानसभा क्षेत्र के सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्य की हकीकत परखी। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि घर-घर जाकर सर्वे करें और कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

निरीक्षण के दौरान संबंधित सुपरवाइजर और सभी छह बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित मिले। डीएम ने पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, बीएलओ की उपस्थिति और बूथों पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के नाम प्राथमिकता के आधार पर मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया।
जिले की सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के 3736 बूथों पर विशेष अभियान दिवस के तहत बीएलओ ने नए नाम जोड़ने, अपात्र नाम हटाने और मतदाता विवरण में संशोधन के लिए आवेदन प्राप्त किए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं।
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी बूथों पर अभियान सुचारु रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांच लें। किसी पात्र सदस्य का नाम छूटने पर उसे जुड़वाने के लिए आवेदन करें।

