मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंSaturday, 28 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : मां से फोन पर बात कर रही थी बेटी, ससुरालियों ने पीटा
कानपुर

Kanpur : मां से फोन पर बात कर रही थी बेटी, ससुरालियों ने पीटा

Akash Chaudhary

बच्चा न होने पर बांझ कहकर देते थे ताने, दूसरी शादी कराने का दबाव बनाने का आरोप; पति समेत पांच पर मुकदमा

Kanpur । चकेरी के सनिगवां गणेशपुर में दहेज उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मां से फोन पर बात कर रही विवाहिता को ससुरालियों ने घेरकर पीटना शुरू कर दिया। बेटी की चीखें फोन पर सुनकर मां घबरा गईं और पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि मारपीट में विवाहिता का आधा दांत टूट गया। पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़िता की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

लखनऊ निवासी विनोद कुमार पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक हैं और वर्तमान में झांसी में तैनात हैं। उनकी बेटी अंजलि सिंह (24) की शादी 16 नवंबर 2024 को चकेरी के गणेशपुर निवासी सेवानिवृत्त दरोगा मोतीलाल के बेटे मोहित कुमार से हुई थी। अंजलि की मां अनीता देवी का आरोप है कि शादी के चार महीने बाद ही ससुरालियों ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा।

संतान न होने पर बांझ कहकर करते थे अपमानित
अनीता देवी के मुताबिक, शादी के करीब एक साल बाद भी संतान नहीं होने पर ससुराली अंजलि को बांझ कहकर ताने देने लगे। आए दिन छोटी-छोटी बातों पर अपमानित करने के साथ मारपीट की जाती थी। आरोप है कि पति की दूसरी शादी कराने की बात कहकर अंजलि को घर से निकालने का दबाव बनाया जा रहा था।

बाल पकड़कर पीटा, फर्श पर गिरने से टूटा दांत
अनीता देवी ने बताया कि 25 नवंबर की रात वह बेटी से फोन पर बात कर रही थीं। तभी पति मोहित, ननद अंजू कुमारी, सास सुमन देवी, चचिया सास रामश्री और ससुर मोतीलाल कमरे में पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने अंजलि को घर से निकलने की धमकी दी। विरोध करने पर बाल पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। उसे बाहर फेंकने की कोशिश में वह मुंह के बल फर्श पर गिर गई, जिससे उसका आधा दांत टूट गया और मुंह से खून निकलने लगा। इसके बाद भी मारपीट किए जाने का आरोप है।

मां ने 112 पर दी सूचना, अस्पताल पहुंची पुलिस
बेटी की चीख-पुकार सुनकर अनीता देवी ने पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायल अंजलि को उपचार के लिए अस्पताल ले गई। मां का आरोप है कि ससुराली मोहित को बार-बार चंडीगढ़ भेजते थे और उसकी दूसरी शादी कराने की बात कहते थे।

चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति मोहित कुमार, ननद अंजू कुमारी, सास सुमन देवी, चचिया सास रामश्री और ससुर मोतीलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।