सरसौल में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सजा मंडप, गृहस्थी बसाने को हर जोड़े पर खर्च होंगे एक लाख रुपये
Kanpur । सरसौल ब्लॉक परिसर शनिवार को खुशियों और उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया। कहीं शहनाई की मधुर धुन गूंज रही थी तो कहीं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में निभाई जा रही थीं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में 58 जोड़े एक-दूजे के हमसफर बने। गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह का सपना इस आयोजन के जरिए साकार हुआ। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद भविष्य की कामना की।
समारोह में हर जोड़े का विवाह सामाजिक और धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूरे रीति-रिवाज से कराया गया। इनमें अनुसूचित जाति और जनजाति के 44, अन्य पिछड़ा वर्ग के 13 तथा सामान्य वर्ग का एक जोड़ा शामिल रहा। खास बात यह रही कि योजना में निराश्रित और निर्धन परिवारों की बेटियों के साथ विधवा, परित्यक्ता और तलाकशुदा महिलाओं को भी नया जीवन शुरू करने का अवसर दिया गया।
हर जोड़े को मिलेगी एक लाख की
विवाह के साथ ही सरकार की ओर से नवदंपतियों की गृहस्थी बसाने की भी व्यवस्था की गई है। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में सीधे भेजे जाएंगे। 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाएगी, जबकि 15 हजार रुपये भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल और बिजली जैसी व्यवस्थाओं पर खर्च होंगे।
रासलीला ने बांधा समां
समारोह को यादगार बनाने के लिए मुख्य द्वार पर शहनाई वादन की व्यवस्था की गई थी। स्थानीय कलाकारों ने राधा-कृष्ण की रासलीला पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया। विवाह में शामिल जोड़ों के परिजनों में भी उत्साह दिखाई दिया। पूरे परिसर में उत्सवी माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में महाराजपुर विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र अवस्थी, ब्लॉक प्रमुख डॉ. विजय रत्ना तोमर के प्रतिनिधि विजय मिश्रा, एसडीएम नर्वल सत्यपाल प्रजापति, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी बीरपाल, खंड विकास अधिकारी कोमल रावत और जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र कुमार गौतम समेत अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार समारोह बिना किसी शिकायत के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

