मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंSaturday, 28 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : हिंदुत्व की परंपराओं और संस्कारों से नई पीढ़ी को जोड़ना बेहद जरूरी : प्रो. कृष्ण बिहारी पांडेय
कानपुर

Kanpur : हिंदुत्व की परंपराओं और संस्कारों से नई पीढ़ी को जोड़ना बेहद जरूरी : प्रो. कृष्ण बिहारी पांडेय

Akash Chaudhary

 

बोले- हर नगर और जिले के शिक्षण संस्थानों में पूरे वर्ष होने चाहिए ऐसे सांस्कृतिक आयोजन

संस्कृति और जीवन मूल्यों के संरक्षण से ही तैयार होगी देश व दुनिया को दिशा देने वाली पीढ़ी

Kanpur।  हिंदुत्व को समझने के लिए उसकी परंपराओं, संस्कृति और जीवन मूल्यों को गहराई से जानना आवश्यक है। हमारा देश हिंदुत्व की बुनियाद पर खड़ा है और आज पूरी दुनिया भी इसके महत्व को स्वीकार कर रही है। नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और पूर्वजों के जीवन मूल्यों से परिचित कराने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर होने चाहिए। यह विचार शनिवार को हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के तीसरे दिन आयोजित कार्यक्रम में प्रो. कृष्ण बिहारी पांडेय ने व्यक्त किए।

संस्कृति को जीवित रखने के लिए अगली पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक

प्रो. पांडेय ने कहा कि किसी भी परंपरा और संस्कृति को सुरक्षित रखने के लिए उसे बार-बार स्मरण करना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना अनिवार्य है। हर वर्ष एक नई पीढ़ी सामने आती है। यदि युवाओं और बच्चों को यह नहीं बताया जाएगा कि हिंदुत्व क्या है और हमारे पूर्वजों की जीवनशैली व परंपराएं कैसी थीं, तो वे अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत को नहीं समझ पाएंगे। इसलिए समाज में भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

 

विद्यालयों व विश्वविद्यालयों में पूरे वर्ष हों ‘आचार्य वंदनम्’ जैसे आयोजन

‘आचार्य वंदनम्’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें बच्चों ने आचार्यों का वंदन कर उनके प्रति सम्मान और श्रद्धा का भाव प्रकट किया। शिक्षक और आचार्य समाज को दिशा देते हैं, इसलिए नई पीढ़ी में उनके प्रति आदर विकसित करना जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि सांस्कृतिक मूल्यों के क्षरण को रोकने के लिए ऐसे आयोजन केवल मेले तक सीमित न रहें, बल्कि इन्हें पूरे वर्ष हर नगर और जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में भी आयोजित किया जाए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सुनील जैन ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. नचिकेता तिवारी उपस्थित रहे। प्रो. पांडेय ने विश्वास जताया कि ऐसे प्रयासों से एक जागरूक और संस्कारवान पीढ़ी तैयार होगी, जो न केवल देश बल्कि पूरे विश्व को संभालने में सक्षम होगी।