मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंThursday, 5 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : इंस्टाग्राम स्टोरी से भड़की रंजिश, जाजमऊ में फायरिंग करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
कानपुर

Kanpur : इंस्टाग्राम स्टोरी से भड़की रंजिश, जाजमऊ में फायरिंग करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

Akash Chaudhary

Kanpur । सोशल मीडिया पर डाली गई एक आपत्तिजनक इंस्टाग्राम स्टोरी जाजमऊ इलाके में फायरिंग की वजह बन गई। ताड़बगिया क्षेत्र में ससुराल और मायके पक्ष के बीच हुए विवाद में बाइक सवार बदमाशों ने ई-ऑटो पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, मुस्कान नाम की युवती ने अपनी भाभी गुड़िया और भतीजे को लेकर इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक स्टोरी पोस्ट की थी। इसे लेकर गुड़िया अपनी मां और भाई के साथ विरोध जताने मुस्कान के घर पहुंची। यहां कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि मुस्कान ने फोन कर उन्नाव के कल्लूपुरवा निवासी रामशंकर को बुला लिया। रामशंकर अपने साथी विष्णु निषाद निवासी झब्बूपुरवा के साथ अपाचे बाइक से मुंह ढककर मौके पर पहुंचा।

बताया गया कि विवाद शांत होने के बाद जब गुड़िया का परिवार ई-ऑटो से लौट रहा था, तभी बाइक सवार बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली ई-ऑटो को नहीं लगी, लेकिन हेडलाइट टूट गई। मौके से एक खोखा बरामद हुआ। घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई।

सूचना पर एडीसीपी अंजलि विश्वकर्मा और एसीपी कैंट आकांक्षा पांडेय के निर्देश पर पुलिस ने दो टीमें गठित कीं। थाना प्रभारी जाजमऊ जितेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपित रामशंकर और विष्णु निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और बाइक भी बरामद की गई है।

पूछताछ में आरोपितों ने गुस्से में आकर फायरिंग करने की बात कबूली है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया के जरिए विवाद फैलाने और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।